मेलबर्न: ऑस्ट्रेलियन ओपन २०२६ के बाद जारी नई टेनिस रैंकिंग (डब्ल्यूटीए और एटीपी) में कई बदलाव देखने को मिले हैं। महिला और पुरुष—दोनों वर्गों में फाइनल में हार के बावजूद कुछ अनुभवी खिलाड़ियों ने अपनी मज़बूत स्थिति बनाए रखी है, वहीं कई स्टार खिलाड़ियों की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
ऑस्ट्रेलियन ओपन में पुरुष एकल के फाइनल में स्पेन के कार्लोस अल्काराज़ से हारने के बावजूद २४ बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच को रैंकिंग में फायदा हुआ है। वह एक स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। ३८ वर्षीय सर्बियाई दिग्गज खिलाड़ी अगस्त २०२४ के बाद पहली बार शीर्ष तीन में शामिल हुए हैं।
ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन अल्काराज़ ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर पुरुष एकल में शीर्ष रैंकिंग बरकरार रखी है। उनके चिर-प्रतिद्वंद्वी यानिक सिनर दूसरे स्थान पर कायम हैं। ऑस्ट्रेलियन ओपन में सिनर को सेमीफाइनल में जोकोविच के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। अल्काराज़ के खिलाफ सेमीफाइनल में पराजित होने के बाद अलेक्जेंडर ज़्वेरेव एक स्थान फिसलकर चौथे स्थान पर आ गए हैं। इटली के लोरेन्ज़ो मुसेट्टी पांचवें स्थान पर बने हुए हैं।
शीर्ष दस में शामिल अन्य खिलाड़ी हैं—एलेक्स डी मिनौर (ऑस्ट्रेलिया, छठा), टेलर फ्रिट्ज़ (अमेरिका, सातवां), फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे (कनाडा, आठवां), बेन शेल्टन (अमेरिका, नौवां) और अलेक्जेंडर बुब्लिक (कजाखस्तान, दसवां)।
महिला एकल में, ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में एलिना राइबाकिना से हारने के बावजूद आर्यना सबालेंका ने डब्ल्यूटीए रैंकिंग में शीर्ष स्थान बनाए रखा है। कजाखस्तान की राइबाकिना ने दो स्थान की छलांग लगाते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है। इगा स्वियातेक दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं।
डब्ल्यूटीए रैंकिंग में चौथे से छठे स्थान तक अमेरिकी खिलाड़ी शामिल हैं—अमांडा एनिसिमोवा, कोको गॉफ और जेसिका पेगुला। ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पराजित एलिना स्वितोलिना भी रैंकिंग में आगे बढ़ी हैं और दो स्थान ऊपर चढ़कर दसवें स्थान पर पहुंच गई हैं। इसके अलावा, मीरा आंद्रेयेवा सातवें, जैस्मिन पाओलिनी आठवें और बेलिंडा बेनसिच नौवें स्थान पर हैं।










