नेपाल के आम चुनाव के मद्देनज़र भारत-नेपाल सीमा अस्थायी रूप से बंद

bahraich_24f3826cd5909ffbc9276f2cab7f365c

बहराइच(उत्तर प्रदेश): नेपाल में पाँच मार्च को होने वाले आम चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा दो मार्च की मध्यरात्रि से पाँच मार्च की मध्यरात्रि तक बंद रहेगी। नेपाल के गृह मंत्रालय ने २६ फरवरी को इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किया है।
भारत-नेपाल सीमा पर बहराइच जिले के रुपईडीहा स्थित एकीकृत जाँच चौकी (आईसीपी) के प्रभारी सुधीर शर्मा के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त और विश्वसनीय वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से भारत से सटे बांके जिले की सभी सीमा चौकियाँ निर्धारित अवधि तक बंद रहेंगी।
निर्देशानुसार, दो और तीन मार्च की मध्यरात्रि १२ बजे से पाँच मार्च की रात्रि १२ बजे तक सीमा से आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान चौकी के माध्यम से वस्तुओं का आयात-निर्यात निलंबित रहेगा। हालांकि, आवश्यक दवाओं और अन्य अत्यावश्यक वस्तुओं की आपूर्ति जारी रहेगी।
सशस्त्र सीमा बल की 42वीं बटालियन के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने बताया कि नेपाल प्रशासन के निर्देशों के अनुपालन में सीमा पर ‘सीमित आवाजाही’ की व्यवस्था लागू की गई है। पहचान पत्रों की गहन जांच के बाद ही लोगों को सीमा पार करने की अनुमति दी जा रही है।
दोनों देशों के नागरिकों को सलाह दी गई है कि अत्यंत आवश्यक न होने पर प्रतिबंधित अवधि में सीमा पार करने से बचें। भारत में रह रहे नेपाली मतदाताओं, गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को सुरक्षा बलों की निगरानी में अनुमति दी जा सकती है।

About Author

Advertisement