नीतीश कुमार ने १०वीं बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

WhatsApp Image 2025-11-20 at 12.30.17_2d197d24

पटना: गुरुवार को आयोजित एक भव्य समारोह में जेडी(यू) नेता नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में हुआ, जहां बड़ी संख्या में नेता और समर्थक मौजूद थे।
समारोह में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली। दोनों को डिप्टी मुख्यमंत्री बनाए जाने की उम्मीद है। कुल २६ मंत्रियों को शपथ दिलाई गई, जिनमें बीजेपी, जेडी(यू), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), राष्ट्रीय लोक मोर्चा र हम के नेता शामिल थे। विभागों का वितरण बाद में किया जाएगा।
नीतीश कुमार ने १९ नवंबर को अपने इस्तीफे की घोषणा की थी। वे पहली बार वर्ष २००० में मुख्यमंत्री बने थे, हालांकि सरकार केवल आठ दिनों में गिर गई थी। २००५ के बाद वे लंबे समय तक सत्ता में रहे और बीच-बीच में इस्तीफा देकर फिर से मुख्यमंत्री बने।
नए मंत्रिमंडल में शामिल प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:
भारतीय जनता पार्टी: सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, मंगल पांडे, राम कृपाल यादव, नितिन नबीन, श्रेयशी सिंह सहित १४ मंत्री।
जनता दल (यूनाइटेड): विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी समेत ८ मंत्री।
अन्य सहयोगी:
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का प्रतिनिधित्व संजय कुमार और संजय कुमार सिंह ने किया, जबकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा से दीपक प्रकाश और हम पार्टी से संतोष कुमार सुमन शामिल हुए।
शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(एनडीए)
के कई दिग्गज नेता मौजूद थे। कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस समारोह का हिस्सा बने। बिहार विधानसभा की २४३ सीटों में से एनडीए ने २०२ सीटें जीतकर सत्ता में वापसी की है।

About Author

Advertisement