नामीबिया के खिलाफ ७ विकेट से जीत दर्ज की नीदरलैंड ने

IMG-20260210-WA0060

नई दिल्ली: आईसीसी टी२० वर्ल्ड कप २०२६ में नीदरलैंड ने अपना पहला मुकाबला जीतकर बढ़िया शुरुआत की। मंगलवार को ग्रुप ए के मैच में नीदरलैंड ने नामीबिया को ७ विकेट से पराजित किया।
अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया की टीम २० ओवर में ८ विकेट खोकर १५६ रन ही बना सकी। इसके जवाब में नीदरलैंड ने १८ ओवर में ३ विकेट खोकर १५९ रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
ग्रुप के पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी जीत से वंचित रहने के बावजूद नीदरलैंड ने आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए नामीबिया को कोई मौका नहीं दिया। चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम के अनुभवी बल्लेबाज बास डी लीड ने नाबाद ७२ रन की जीत दिलाने वाली पारी खेली।
ओपनर मैक्स ओ’डाउड को तीसरे ओवर में सिर्फ ७ रन पर खो देने के बाद डी लीड ने टीम को संभाला। १६ रन पर पहला विकेट गिरने के बाद उन्होंने माइकल लेविट के साथ मिलकर स्कोर ४६ रन तक पहुँचाया। लेविट २८ रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद डी लीड ने कोलिन एकरमैन के साथ तीसरे विकेट के लिए ७० रन की साझेदारी निभाई, जिसमें एकरमैन ने ३२ रन बनाए।
तीसरा विकेट गिरने के बाद डी लीड ने कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स के साथ चौथे विकेट के लिए ४३ रन की अटूट साझेदारी की और टीम को जीत दिलाई। डी लीड ने ४८ गेंदों में ५ चौके और ४ छक्के की मदद से नाबाद ७२ रन बनाए, जबकि एडवर्ड्स १८ रन पर नाबाद रहे।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया ने शुरुआती विकेट जल्दी खोए। लौरेन स्टीनक्याम्प सिर्फ ६ रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जान निकोल लोफ्टी-एटन ने टीम को संभाला और जान फ्रीलिंक के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए ५० रन जोड़े। फ्रीलिंक ३० रन बनाकर आउट हुए, उसके बाद नामीबिया लगातार विकेट गंवाती रही।
जान निकोल ने टीम के लिए सर्वाधिक ४२ रन बनाए, जिसमें उन्होंने 38 गेंद खेली और १ चौका और २ छक्के लगाए। जेजे स्मिट ने २२ और कप्तान गेरहार्ड एरास्मस ने १८ रन का योगदान दिया।
नीदरलैंड की तरफ से लोगान वान बीक और बास डी लीड ने २-२ विकेट लिए। बास डी लीड को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

About Author

Advertisement