हावड़ा: हावड़ा जिले के मातोर बर्गक्षेत्र पाड़ा इलाके में एक नाबालिग किशोरी की संदिग्ध आत्महत्या के बाद पुलिस ने सिविक वालंटियर लाल्टू मुखोपाध्याय को गिरफ्तार किया है।
स्थानीय पुलिस और सूत्रों के अनुसार, मृतक किशोरी की मां लाल्टू मुखोपाध्याय के घर में घरेलू कामगार के रूप में कार्यरत थीं। किशोरी मंगलवार रात अपनी मां के साथ आमता इलाके में आयोजित काली पूजा कार्यक्रम में गई थी। आरोप है कि उसी कार्यक्रम में लाल्टू मुखोपाध्याय ने किशोरी के साथ अश्लील हरकत की।
पुलिस के मुताबिक, किशोरी शौचालय जाने गई थी, तब आरोपित भी वहाँ पहुंचा और उससे छेड़छाड़ की। घटना के बाद किशोरी मानसिक रूप से टूट गई और बुधवार को घर में फंदे से लटकी हुई हालत में उसका शव मिला।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों ने आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। मृतक के परिवार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने लाल्टू मुखोपाध्याय को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। हावड़ा ग्रामीण जिले के पुलिस अधीक्षक सुविमल पाल ने पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई जारी है।









