नई दिल्ली: निर्माता-निर्देशक आदित्य धर की फिल्म “धुरंधर” का सीक्वल “धुरंधर: द रिवेंज” का टीज़र आज रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। फिल्म १९ मार्च को थियेटरों में रिलीज़ होने जा रही है।
पहली फिल्म “धुरंधर” ने भारत समेत दुनियाभर में शानदार प्रदर्शन किया था और १३०० करोड़ रुपये की कमाई की थी। फिल्म को जबरदस्त प्रतिक्रियाएं मिलीं और इसे नेटफ्लिक्स पर भी जबरदस्त सफलता मिली, जहां यह पाकिस्तान समेत भारत में भी नंबर १ पर ट्रेंड कर रही है। फिल्म की कहानी के नएपन, कलाकारों के दमदार अभिनय, रोमांचक गानों और आकर्षक संगीत के कारण धुरंधर को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।
सीक्वल के टीज़र में रणवीर सिंह का हिंसक अवतार दिखाया गया है, जिससे यह साफ है कि धुरंधर २ में उनका किरदार पहले से ज्यादा ताकतवर और हिंसक होगा। फिल्म का टीज़र महज एक मिनट १३ सेकंड का है, लेकिन इसमें रणवीर सिंह की ताबड़तोड़ एक्शन और उनके किरदार के अतीत के बारे में कुछ संकेत दिए गए हैं।
टीज़र में रणवीर सिंह कहते हुए दिख रहे हैं, “ये नया हिंदुस्तान है, घर में घुसेगा भी, मारेगा भी…” जिससे यह अंदाजा होता है कि फिल्म की कहानी और भी रोमांचक और हिंसक होगी।
फिल्म की पृष्ठभूमि कराची के ल्यारी इलाके पर आधारित है, जो गैंगवार और हिंसक संघर्षों के लिए जाना जाता है। फिल्म की कहानी कंधार विमान अपहरण, संसद हमले और २६/११ मुंबई हमलों जैसी घटनाओं के संदर्भ में एक खुफिया अभियान पर आधारित है।
इसके अलावा, टीज़र में अभिनेता आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त भी नजर आए हैं। इस फिल्म का निर्माण आदित्य धर और लोकेश धर ने ज्योति देशपांडे के ‘जियो स्टूडियोज’ और ‘बी६२ स्टूडियोज’ के सहयोग से किया है।











