मुंबई: ऑडिशन में बार–बार रिजेक्ट होने के बाद आखिरकार एक्टर नवीन कौशिक की किस्मत फिल्म धुरंधर: द रिवेंज से बदली। पार्ट वन में ‘डोंगा’ के किरदार से अलग पहचान बनाने वाले नवीन अब इसके दूसरे भाग को लेकर चर्चा में हैं।
उनके अनुसार, फिल्म उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई।
टीजर पर प्रतिक्रिया देते हुए नवीन ने बताया कि पार्ट वन के अंत में छोड़े गए सवाल- हमजा कौन है, वह कहां से आया, इन सबका जवाब दूसरे भाग में मिलेगा। फिल्म में आर माधवन के किरदार की वह पंक्ति भी चर्चा में रही, जिसमें कहा गया है कि वे ऐसे लोगों को चुनते हैं जिनकी जिंदगी में अब कुछ बचा नहीं।
सोशल मीडिया पर कुछ दर्शकों की निराशा पर उन्होंने कहा कि टीजर में दिखाए गए कई दृश्य पहले भाग के प्री–क्रेडिट सीन का हिस्सा थे, जिन्हें बहुत से दर्शकों ने देखा ही नहीं। साथ ही १९ मार्च की रिलीज डेट को लेकर चल रही अफवाहों के बीच यह टीजर फिल्म की तय तारीख की पुष्टि भी था।
पार्ट टू में शामिल न होने पर उन्होंने हल्की निराशा जताई, लेकिन माना कि हर किरदार की अपनी सीमा होती है और डोंगा की कहानी पहले भाग तक ही थी।
फिल्म से जुड़ने का श्रेय उन्होंने कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा को दिया। उन्होंने बताया कि लंबे संघर्ष के बाद जब वे अभिनय छोड़ने का मन बना चुके थे, तभी उन्हें इस भूमिका का अवसर मिला। निर्देशक आदित्य धर ने किरदार को विस्तार से समझाया और भरोसा दिलाया कि हर पात्र की अपनी स्पष्ट कहानी होगी।
सेट के अनुभव साझा करते हुए नवीन ने कहा कि डेढ़ साल तक चले शूट में कलाकारों के बीच औपचारिकता खत्म होकर दोस्ताना माहौल बन गया। उन्होंने रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना और संजय दत्त के साथ काम को सीखने वाला अनुभव बताया।
फिल्म को लेकर उठे बॉयकॉट विवाद पर उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक पृष्ठभूमि वाली कहानी को गलत नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। उनके अनुसार, फिल्म किसी समुदाय के खिलाफ नहीं बल्कि आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले सिस्टम पर टिप्पणी करती है।
नवीन को उम्मीद है कि यदि पहले भाग ने १३०९ करोड़ का कारोबार किया है तो दूसरा भाग २००० करोड़ का आंकड़ा छू सकता है। १९ मार्च को टॉक्सिक से क्लैश पर उन्होंने कहा कि यह भारतीय सिनेमा के लिए सकारात्मक है, क्योंकि दर्शकों को विकल्प मिलता है।









