दुबई: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान पर एक बार फिर हमला करने का आरोप लगा है। रिपोर्टों के मुताबिक दुबई के मध्य इलाके में धमाकों की आवाज सुनी गई और एक इमारत से धुआं उठता देखा गया।
प्रशासन के अनुसार एक ड्रोन को रोक दिया गया था, लेकिन उसके मलबे से एक इमारत के सामने के हिस्से को मामूली नुकसान पहुंचा। फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
उधर इज़राइल के उत्तरी क्षेत्र जारजिर में एक इमारत पर हुए हमले में करीब ३० लोग घायल हो गए। आपातकालीन सेवाओं के अनुसार दो लोग छर्रों से घायल हुए, जबकि अन्य लोग टूटे कांच से हल्के रूप से घायल हुए। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी उम्र १२ और १३ वर्ष बताई गई है।
इस बीच क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक बाजारों पर भी असर पड़ा है। कच्चे तेल की कीमत बढ़कर लगभग १०० डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है। इससे शेयर बाजारों में भी गिरावट देखी गई। एस एन्ड पी ५०० में १.५ प्रतिशत, डाउ जोन्स इन्डस्ट्रियल एभरेज में १.६ प्रतिशत और नास्ड्याक कम्पोजिट में १.८ प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
वहीं अमेरिका ने बढ़ती तेल कीमतों को देखते हुए रूस के तेल पर लगे कुछ प्रतिबंधों में ढील देने की घोषणा की है। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने संकेत दिया है कि वैश्विक बाजार में तेल की आपूर्ति बढ़ाने के लिए आगे भी ऐसे कदम उठाए जा सकते हैं।
दूसरी ओर लेबनान की राजधानी बेरूत में इज़राइल ने हिज़्बुल्लाह के एक ऑपरेटिव को निशाना बनाकर हमला करने की बात कही है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह हमला सफल रहा या नहीं।







