दुबई एयरपोर्ट: पीवी सिंधु ने साझा किया भयावह अनुभव, जॉनी बेयरस्टो भी फंसे

IMG-20260301-WA0086

दुबई: भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने दुबई एयरपोर्ट के पास हुए विस्फोट के बाद अपना भयावह अनुभव सोशल मीडिया पर साझा किया है। ईरान के हमले के कारण पहले से ही क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल था। एयरपोर्ट के पास अचानक विस्फोट होने से हवाई अड्डे पर भगदड़ मच गई। सिंधु अपने दल के साथ वहीं फंसी हुई थीं।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “यह संकट लगातार बढ़ रहा है और हर घंटे स्थिति और भयावह होती जा रही है। कुछ घंटे पहले हमारे एयरपोर्ट पर विस्फोट हुआ और मेरे कोच ने तुरंत हमें सुरक्षित निकाला, क्योंकि वे धुएं और मलबे के सबसे करीब थे। यह हम सभी के लिए अत्यंत तनावपूर्ण और भयावह क्षण था।”
सिंधु ने उल्लेख किया कि फिलहाल सभी को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। उन्होंने दुबई एयरपोर्ट प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के तत्काल सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। “हम सभी सुरक्षित हैं और अधिक सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। दुबई एयरपोर्ट स्टाफ और प्रशासन के अथक प्रयासों के लिए हम आभारी हैं,” उन्होंने लिखा।
इसी बीच, इंग्लैंड के क्रिकेटर जॉनी बेयरस्टो भी अबू धाबी में फंसे हुए हैं। अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के बाद खाड़ी क्षेत्र के हवाई क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ गई है। इस कारण कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं, जबकि कुछ उड़ानों के मार्ग बदल दिए गए हैं।
इंग्लैंड लायंस टीम के साथ कोच के रूप में अबू धाबी जाने वाले बेयरस्टो ने मदद की गुहार लगाई। शनिवार शाम इंग्लैंड के प्रधानमंत्री कीर स्टारर के ईरान पर बयान पोस्ट करने के बाद बेयरस्टो ने रविवार सुबह प्रतिक्रिया दी। बेयरस्टो ने ट्वीट में लिखा, “क्या आप हमें घर पहुंचा सकते हैं?” इसके बाद 36 वर्षीय बेयरस्टो ने अपनी फ्लाइट रद्द होने पर बिना किसी आधिकारिक बातचीत के अपनी निराशा व्यक्त की।

About Author

Advertisement