दिग्गज जोकोविच को हराकर जैक ड्रेपर क्वार्टरफाइनल में पहुंचे

IMG-20260312-WA0052

इंडियन वेल्स (अमेरिका): मौजूदा चैंपियन जैक ड्रेपर ने पहले सेट हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए बीएनपी पारिबास ओपन टेनिस टूर्नामेंट के चौथे राउंड में पांच बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच को ४-६, ६-४, ७-६ (५) से हराया।
हाथ की चोट के कारण ८ महीने तक कोर्ट से बाहर रहने वाले २४ वर्षीय ब्रिटिश खिलाड़ी ड्रेपर ने इस जीत के साथ क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। क्वार्टरफाइनल में उनका सामना डेनियल मेदवेदेव से होगा। मेदवेदेव ने अपने अन्य मैच में एलेक्स मिशेलसन को ६-२, ६-४ से हराया था।
ड्रेपर और जोकोविच के बीच तीसरा सेट बेहद रोमांचक रहा। इस सेट में जोकोविच एक समय ६-५ की बढ़त में थे, लेकिन इसका फायदा नहीं उठा सके और ड्रेपर ने वापसी करते हुए सेट को टाईब्रेक तक ले गए।
मैच के बाद ड्रेपर ने कहा, “मुझे अभी भी नहीं लगता कि मैं अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हूं, लेकिन मैं अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध था।”
३८ वर्षीय सर्बियाई खिलाड़ी जोकोविच २४ बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन हैं और उन्होंने २००८, २०११, २०१४, २०१५ और २०१६ में इंडियन वेल्स का खिताब जीता था। इस साल की शुरुआत में उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन में अपने करियर का ११वां खिताब जीतने का अवसर पाया था, लेकिन फाइनल में कार्लोस अल्काराज के खिलाफ हार गए थे।

About Author

Advertisement