नई दिल्लीः दस राज्यों में राज्यसभा की ३७ सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव १६ मार्च को होंगे। निर्वाचन आयोग ने इसकी जानकारी दी है।
इन सीटों में हैं: महाराष्ट्र (सात सीट), ओडिशा (चार सीट), तेलंगाना (दो सीट), तमिलनाडु (छह सीट), छत्तीसगढ़ (दो सीट), पश्चिम बंगाल (पांच सीट), असम (तीन सीट), हरियाणा (दो सीट), हिमाचल प्रदेश (एक सीट) और बिहार (पांच सीट)। ये सीटें दो एवं नौ अप्रैल को रिक्त होंगी और चुनाव के लिए अधिसूचना २६ फरवरी को जारी की जाएगी।
स्थापित प्रचलन के अनुसार, १६ मार्च को मतदान सुबह ९ बजे से शाम ४ बजे तक होगा और मतगणना उसी दिन शाम ५ बजे से शुरू होगी।
जिन सांसदों का कार्यकाल पूरा होने वाला है, उनमें शरद पवार (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी–शरदचंद्र पवार), अभिषेक सिंघवी (कांग्रेस), साकेत गोखले (तृणमूल कांग्रेस), रामदास अठावले (रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया–अठावले), एम थंबीदुरई (ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम) और तिरुची शिवा (द्रविड़ मुनेत्र कषगम) शामिल हैं।










