कोलकाता: दक्षिण बंगाल में तापमान में क्रमिक वृद्धि देखी जा रही है। सुबह की तेज धूप से ठंड का असर कम होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ठंड का एहसास केवल सुबह और शाम के समय ही हो रहा है।
मंगलवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान १६.१ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सोमवार को न्यूनतम तापमान १५.६ और अधिकतम २६.६ डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी अधिक होने के कारण दिन चढ़ने के साथ हल्का पसीना महसूस किया जा रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के जिलों में तापमान लगभग स्थिर बना रहेगा। साथ ही कोहरे का प्रभाव भी धीरे-धीरे कम होने की संभावना है।
दूसरी ओर उत्तर बंगाल के पर्वतीय इलाकों में मौसम सुहावना बना हुआ है। लगातार सक्रिय दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से सप्ताह के अंत तक दार्जीलिंग के ऊँचे पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके अलावा कालेबुंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में उत्तर बंगाल के हिमालयी क्षेत्रों में तापमान ३ से ४ डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान लगभग १५ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।










