दक्षिण अफ्रीका ने ज़िम्बाब्वे को ५ विकेट से हराया, सेमीफाइनल में प्रवेश

IMG-20260302-WA0000

नई दिल्ली: आईसीसी टी२० वर्ल्ड कप के सुपर ८ चरण के आखिरी मैच में दक्षिण अफ्रीका ने ज़िम्बाब्वे को ५ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब दक्षिण अफ्रीका ४ मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होने वाले पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से मुकाबला करेगा।
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ज़िम्बाब्वे ने २० ओवर में ७ विकेट के नुकसान पर १५३ रन बनाए। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने १७.५ ओवर में ५ विकेट के नुकसान पर १५४ रन बनाकर जीत हासिल की। मैच जीतने के लिए १५४ रन का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और १४ रन तक ही उसने २ विकेट खो दिए थे।
फिर डेवाल्ड ब्रेविस ने रेयान रिकेल्टन के साथ तीसरे विकेट के लिए २९ और डेविड मिलर के साथ चौथे विकेट के लिए ५० रन जोड़े। ब्रेविस ने १८ गेंदों में ४ छक्के और १ चौका लगाकर सबसे ज्यादा ४२ रन बनाए। वहीं, रिकेल्टन ने ४ छक्कों के साथ ३१ रन और मिलर ने २२ रन बनाए। इन तीनों के आउट होने के बाद ट्रिस्टन स्टब्स और जॉर्ज लिंडे ने छठे विकेट के लिए ५३ रन की नाबाद साझेदारी निभाई और टीम को जीत दिलाई। स्टब्स ने नाबाद २१ रन और लिंडे ने नाबाद ३० रन बनाए।
ज़िम्बाब्वे के गेंदबाजों में स्पिनर रजा ने सबसे ज्यादा ३ विकेट लिए।
इससे पहले, अरुण जेटली स्टेडियम में ज़िम्बाब्वे के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। एक समय स्कोर ८७ रन पर ५ विकेट हो चुका था। खराब शुरुआत के बावजूद कप्तान रजा ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने ४३ गेंदों में ८ चौके और ४ छक्के की मदद से ७३ रन बनाए। रजा ने क्लाइव माडांडे के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए महत्वपूर्ण ३९ रन जोड़े। माडांडे ने २६ रन बनाकर नाबाद रहे।
दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों में क्विंटन माफा और कोर्बिन बश ने २-२ विकेट लिए।
ज़िम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा को उनकी शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

About Author

Advertisement