नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। यह दौरा ५ मैचों की टी–२० अंतरराष्ट्रीय सीरीज का होगा, जो १७ से २७ अप्रैल तक खेली जाएगी।
अनुभवी ऑलराउंडर हरमनप्रीत कौर को एक बार फिर टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में अनुभव और युवा प्रतिभा का अच्छा मिश्रण देखने को मिला है।
टीम में पहली बार अनुष्का शर्मा को जगह दी गई है। उन्होंने हाल ही में महिला प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने ७ मैचों में १२९.१९ के स्ट्राइक रेट से १७७ रन बनाए थे।
टीम का बल्लेबाजी क्रम काफी संतुलित नजर आ रहा है, जिसमें शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा जैसी भरोसेमंद खिलाड़ी शामिल हैं। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी रिचा घोष संभालेंगी, जबकि उमा छेत्री को बैकअप विकेटकीपर के रूप में रखा गया है।
स्पिन विभाग में श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी और दीप्ति शर्मा शामिल हैं, जबकि तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी रेणुका सिंह, अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ के पास होगी।
सीरीज के पहले दो मैच १७ और १९ अप्रैल को डरबन में खेले जाएंगे। तीसरा और चौथा मैच २२ और २५ अप्रैल को जोहान्सबर्ग में होगा, जबकि अंतिम मैच २७ अप्रैल को बेनोनी में खेला जाएगा।
दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय महिला टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, रिचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, काश्वी गौतम, भारती फुलमाली, उमा छेत्री (विकेटकीपर), अनुष्का शर्मा।










