कोलकाता: देशभर में नए वर्ष का स्वागत उत्साह और उमंग के साथ किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल में भी आठ वर्ष से लेकर अस्सी वर्ष तक के लोग उत्सव के माहौल में नजर आए। अंग्रेज़ी कैलेंडर के अनुसार आज वर्ष का पहला दिन है और इसी दिन सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का स्थापना दिवस भी मनाया जा रहा है।
इस अवसर पर तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि वर्ष १९९८ में आज ही के दिन ‘मां-माटी-मानुष’ की सेवा के संकल्प के साथ तृणमूल कांग्रेस की यात्रा आरंभ हुई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी की ऐतिहासिक यात्रा का मूल उद्देश्य देश की गरिमा की रक्षा करना, बंगाल का समग्र विकास सुनिश्चित करना और जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा करना है। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के त्याग व संघर्ष को नमन करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी दबाव या शक्ति के आगे झुकने का प्रश्न ही नहीं उठता।
इस वर्ष राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दुष्प्रचार और एसआईआर प्रक्रिया के माध्यम से मतदाताओं के नाम हटाने की कथित साजिश के खिलाफ संघर्ष को और तेज किया जाएगा तथा आम जनता के हितों की रक्षा के लिए तृणमूल कांग्रेस लगातार लड़ाई जारी रखेगी।










