डबल सुपर ओवर में हारा लड़ाकू अफगानिस्तान

IMG-20260211-WA0073

अहमदाबाद: आईसीसी टी२० वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका ने डबल सुपर ओवर तक चले बेहद रोमांचक मुकाबले में अफगानिस्तान को हरा दिया। मैच बेहद रोमांचक रहा और अफगानिस्तान ने जुझारू प्रदर्शन किया, लेकिन जीता हुआ मैच गंवा बैठा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने २० ओवर में ६ विकेट खोकर १८७ रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान १९.४ ओवर में १८७ रन बनाकर ऑलआउट हो गया और मैच टाई हो गया। आखिरी ओवर में अफगानिस्तान को जीत के लिए १३ रन चाहिए थे, लेकिन फजलहक फारूकी रन आउट हो गए और २ गेंद शेष रहते टीम ऑलआउट हो गई।
इसके बाद सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने १७ रन बनाए। जीत के लिए ६ गेंदों में १८ रन का लक्ष्य लेकर उतरी दक्षिण अफ्रीका भी १७ रन ही बना सकी और सुपर ओवर भी टाई रहा।
दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने तीन छक्कों की मदद से २३ रन बनाए। २४ रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने पहली दो गेंदों पर कोई रन नहीं बनाया और मोहम्मद नबी का विकेट गंवा दिया। इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज ने केशव महाराज की लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के लगाए, लेकिन पारी की आखिरी गेंद पर आउट हो गए और दक्षिण अफ्रीका ने जीत दर्ज की।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की ओर से ओपनर क्विंटन डी कॉक और रयान रिकेल्टन ने अर्धशतक लगाए। कप्तान एडन मार्करम (५) सिर्फ १२ रन के कुल स्कोर पर आउट हो गए, जिसके बाद डी कॉक और रिकेल्टन ने दूसरे विकेट के लिए ११४ रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
डी कॉक ने ४१ गेंदों में ५ चौके और ३ छक्कों की मदद से ५९ रन बनाए, जबकि रिकेल्टन ने २८ गेंदों में ५ चौके और ४ छक्कों के साथ ६१ रन बनाए। इनके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने २३ और डेविड मिलर ने नाबाद २० रन का योगदान दिया। मार्को यानसन १६ रन बनाकर नाबाद रहे। अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह ओमरजई ने ३ और राशिद खान ने २ विकेट लिए।
१८८ रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान के लिए ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। एक ओर लगातार विकेट गिरते रहे, लेकिन उन्होंने संघर्ष जारी रखते हुए टीम को मैच में बनाए रखा। गुरबाज ने ४२ गेंदों में ७ छक्के और ४ चौकों की मदद से ८४ रन बनाए और १३ वें ओवर में आउट हुए। इसके बाद कप्तान राशिद खान (२० रन) और नूर अहमद (नाबाद १५ रन) ने कोशिश की, लेकिन अंत में फजलहक फारूकी के रन आउट होने से स्कोर बराबर हो गया।

About Author

Advertisement