वाशिंटन डिसी: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने “तीसरी दुनिया के देशों” से अमेरिका आने वाले आप्रवासन पर स्थायी प्रतिबंध लगाने का संकेत दिया है। ट्रूथ सोशल पर पोस्ट में उन्होंने बाइडन प्रशासन द्वारा स्वीकृत लाखों आप्रवासन अनुमतियाँ रद्द करने की घोषणा की।
वाशिंगटन में एक अफगान नागरिक द्वारा नेशनल गार्ड के सैनिक की हत्या के बाद ट्रम्प ने इसे अमेरिकी आंतरिक सुरक्षा संकट से जोड़कर देखा। उनका दावा है कि अमेरिका में मौजूद ५.३ करोड़ विदेशी नागरिकों में अधिकांश “असफल राष्ट्र, जेल, मानसिक संस्थान या आपराधिक गिरोहों” से जुड़े हैं।
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिकी करदाताओं पर बोझ डालने, सामाजिक तनाव पैदा करने या आंतरिक शांति भंग करने वाले किसी भी गैर–नागरिक को देश से हटाया जाएगा। इसके साथ ही संघीय सरकार अब गैर–नागरिकों को दी जाने वाली कुछ सेवाएँ भी बंद करने की तैयारी कर रही है।
इस बीच, अमेरिकी सरकार ने अफगानिस्तान, क्यूबा, हैती, ईरान, सोमालिया और वेनेजुएला सहित १९ देशों से आए ग्रीनकार्डधारियों का पुनः परीक्षण शुरू करने का संकेत दिया है। बुधवार को हुई गोलीकांड के बाद अफगान नागरिकों की सभी आप्रवासन प्रक्रियाएँ अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं।
आरोपी के बारे में:
संदिग्ध हमलावर रहमानुल्लाह लकनवाल (२९) बताया गया है, जो २०२१ में विशेष आप्रवासन कार्यक्रम के तहत अमेरिका आए थे। जानकारी के अनुसार उन्होंने अफगानिस्तान में सीआईए के सहयोगी के रूप में काम किया था। ट्रम्प ने इस घटना को “आतंककारी कार्रवाई” करार दिया।









