नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में ईस्टर लंच के दौरान ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पर तंज कसते हुए नाटो को ‘पेपर टाइगर’ बताया। ट्रंप ने आरोप लगाया कि ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजराइल युद्ध के दौरान ब्रिटेन और फ्रांस ने पर्याप्त सहयोग नहीं किया।
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ब्रिटेन से विमानवाहक पोत भेजने का अनुरोध किया था, लेकिन कीर स्टार्मर ने अपनी टीम से सलाह लेने की बात कही। उन्होंने ब्रिटेन को “सबसे अच्छा सहयोगी” होने का दावा किया, लेकिन युद्ध के दौरान अपेक्षित समर्थन नहीं मिलने पर निराशा जताई। उन्होंने ब्रिटेन के किंग चार्ल्स का भी जिक्र करते हुए कहा कि वे अच्छे व्यक्ति हैं, लेकिन सहयोग की कमी निराशाजनक रही।
फ्रांस के बारे में उन्होंने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में मदद के लिए जहाज भेजने की मांग की, लेकिन फ्रांस ने युद्ध खत्म होने के बाद मदद की बात कही। ट्रंप ने मैक्रों की कथित प्रतिक्रिया को फ्रांसीसी लहजे में नकल करते हुए पेश किया।
नाटो पर निशाना साधते हुए ट्रंप ने कहा कि बड़ा युद्ध हुआ तो यह साथ नहीं देगा और इसे ‘पेपर टाइगर’ कहा। व्हाइट हाउस ने उनका भाषण सोशल मीडिया पर जारी किया था, जिसे बाद में हटा दिया गया।










