टी२० विश्व कप में स्कॉटलैंड को मिला मौका

IMG-20260124-WA0125

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने कड़ा रुख अपनाते हुए बांग्लादेश को टी२० विश्व कप से बाहर कर दिया है। शनिवार को आईसीसी ने एक आधिकारिक पत्र जारी कर इस फैसले की जानकारी दी। इस साल ४ जनवरी से शुरू हुए हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद अंततः बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) को बड़ा झटका लगा है। आईसीसी के इस निर्णय से बीसीबी के साथ-साथ खिलाड़ियों को भी भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी ने बीसीबी को औपचारिक रूप से सूचित किया है कि बांग्लादेश को टी२० विश्व कप से बाहर कर दिया गया है और खाली हुई जगह पर स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश ने टी२० विश्व कप के लिए भारत की यात्रा करने से इनकार कर दिया था। बांग्लादेशी तेज गेंदबाज़ मुस्ताफिज़ुर रहमान को आईपीएल २०२६ से बाहर किए जाने के बाद ही यह विवाद शुरू हुआ था।
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह सहित कई शीर्ष अधिकारी शुक्रवार को दुबई में थे। उसी दिन शाम को आईसीसी ने बीसीबी अध्यक्ष अनिमुल इस्लाम बुलबुल को ई-मेल भेजकर अपना निर्णय बताया। आईसीसी ने भारत न आने के फैसले पर पुनर्विचार के लिए बीसीबी को २४ घंटे की समय-सीमा दी थी, लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद आईसीसी ने अंतिम फैसला लिया।
इसके अलावा, बीसीबी ने आईसीसी को आधिकारिक रूप से सूचित करने से पहले ही ढाका में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की, जिसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना गया। इसी वजह से भी बांग्लादेश को टी२० विश्व कप से बाहर कर स्कॉटलैंड को शामिल करने की बात बीसीबी को स्पष्ट रूप से बता दी गई।
उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश के खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ नज़रुल ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत की यात्रा न करने का फैसला बताया था, जबकि आईसीसी ने बार-बार बोर्ड को सुरक्षा का आश्वासन दिया था। विश्व कप कार्यक्रम के अनुसार बांग्लादेश को लीग चरण में भारत में चार मैच खेलने थे—तीन कोलकाता में और एक मुंबई में।
अब बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड ग्रुप सी का हिस्सा बनेगा और तय कार्यक्रम के अनुसार अपने मैच खेलेगा। विश्व कप में किसी अन्य टीम को इस तरह मौका मिलना पहली बार नहीं है। वर्ष २००९ में इंग्लैंड में हुए टी२० विश्व कप से जिम्बाब्वे के हटने पर भी स्कॉटलैंड को मौका मिला था। इस बार भारत में खेलने से बांग्लादेश के इनकार के बाद आईसीसी ने रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल करने का निर्णय लिया है।

About Author

Advertisement