नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने टी२० विश्व कप २०२६ के ग्रुप चरण के लिए मैच अधिकारियों के पैनल की घोषणा कर दी है। इस सूची में भारत के चार अनुभवी अंपायर और मैच रेफरी को शामिल किया गया है। इसके साथ ही बांग्लादेश के दो अंपायर—शरफुद्दौला इब्ने शाहिद और गाजी सोहेल—को भी पैनल में जगह मिली है।
विश्व कप से ठीक पहले बांग्लादेश द्वारा टूर्नामेंट के बहिष्कार की घोषणा के बाद आईसीसी ने यह अंपायर पैनल जारी किया है। आईसीसी की इस नियुक्ति से साफ संकेत मिलता है कि हालिया विवादों की बजाय अनुभव और प्रदर्शन को प्राथमिकता दी गई है। शरफुद्दौला इब्ने शाहिद पहले भी कई बड़े आईसीसी टूर्नामेंट में अंपायरिंग कर चुके हैं, जबकि गाजी सोहेल को लगातार एलीट और अंतरराष्ट्रीय पैनल में अवसर मिलता रहा है।
आईसीसी ने बताया कि चयन पूरी तरह अंपायरों के ट्रैक रिकॉर्ड, अंतरराष्ट्रीय अनुभव और पेशेवर मानकों के आधार पर किया गया है। पैनल में शामिल चार भारतीय हैं—जवागल श्रीनाथ (मैच रेफरी), जयरामन मदनगोपाल, नितिन मेनन और के.एन.ए. पद्मनाभन। हाल के वर्षों में नितिन मेनन को आईसीसी के सबसे भरोसेमंद अंपायरों में से एक माना जाता है।
टी२० विश्व कप २०२६ की शुरुआत ७ फरवरी से होगी। ग्रुप चरण में कुल २४ ऑन-फील्ड अंपायर और ६ मैच रेफरी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। सुपर ८ और नॉकआउट मुकाबलों के लिए अधिकारियों के नाम बाद में घोषित किए जाएंगे, ऐसा आईसीसी ने बताया है।
टी२० विश्व कप के ग्रुप चरण के लिए मैच रेफरी:
डीन कास्कर, डेविड गिल्बर्ट, रंजन मदुगले, एंड्रयू पाइक्रॉफ्ट, रिची रिचर्डसन, जवागल श्रीनाथ।
टी२० विश्व कप के ग्रुप चरण के लिए अंपायर:
रोलैंड ब्लैक, क्रिस ब्राउन, कुमार धर्मसेना, क्रिस गैफानी, एड्रियन होल्डरस्टॉक, रिचर्ड इलिंगवर्थ, रिचर्ड केटलबरो, वेन नाइट्स, डोनोवन कोच, जयरामन मदनगोपाल, नितिन मेनन, सैम नोगाज्स्की, के.एन.ए. पद्मनाभन, अलाउद्दीन पालेकर, अहसान राजा, लेस्ली रीफर, पॉल राइफेल, लैंगटन रूसरे, शरफुद्दौला इब्ने शाहिद, गाजी सोहेल, रॉड टकर, एलेक्स होवार्थ, रवींद्र विमलासिरी, आसिफ याकूब।








