टी२० वर्ल्ड कप में निराशा के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का सख्त कदम

IMG-20260302-WA0029

कराची: टी२० वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कथित तौर पर टीम के खिलाड़ियों पर कड़ा एक्शन लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सेमीफाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहने के कारण प्रत्येक खिलाड़ी पर ५० लाख पाकिस्तानी रुपये (करीब १६ लाख भारतीय रुपये) का जुर्माना लगाया गया है।
पाकिस्तानी अख़बार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रुप चरण में भारत से हार और सुपर-८ में इंग्लैंड के खिलाफ मिली शिकस्त के बाद बोर्ड ने यह फैसला लिया। टीम ने श्रीलंका के खिलाफ जीत जरूर दर्ज की, लेकिन वह सेमीफाइनल में पहुंचने में असफल रही।
लगातार आईसीसी टूर्नामेंटों में निराशाजनक प्रदर्शन के चलते बोर्ड के अधिकारी नाराज़ बताए जा रहे हैं। टीम की नाकामी के बाद पूर्व क्रिकेटरों ने भी खुलकर आलोचना की है।
पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद ने कहा कि देश के लिए छाप छोड़ने का मौका दो साल में एक बार मिलता है, ऐसे मौकों पर टीम का इस तरह असफल होना बेहद निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि टी२० अब बेहद योजनाबद्ध प्रारूप बन चुका है और पाकिस्तान के खिलाड़ी अन्य टीमों के स्तर तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
वहीं पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने चयन नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ खिलाड़ियों को खुद को साबित करने के कई मौके दिए जाते हैं, लेकिन वे बड़े टूर्नामेंटों में प्रदर्शन नहीं कर पाते।
टीम के मौजूदा और वरिष्ठ खिलाड़ियों- बाबर आज़म, सलमान अली आगा, शाहीन शाह अफरीदी और शादाब खान की भी कड़ी आलोचना हो रही है।
अब देखना होगा कि पाकिस्तान टीम इस असफलता से सबक लेकर आगे के टूर्नामेंटों में किस तरह वापसी करती है।

About Author

Advertisement