टी२० वर्ल्ड कप के लिए श्रीलंका के १५ सदस्यीय टीम की घोषणा

IMG-20260203-WA0048

नई दिल्ली: श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने टी२० विश्व कप २०२६ के लिए अपनी १५ सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। चयनकर्ताओं ने एक बड़ा निर्णय लेते हुए कामिंदु मेंडिस को एक बार फिर टी२० प्रारूप में मौका दिया है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज़ ने अपना आखिरी टी२० अंतरराष्ट्रीय मैच नवंबर २०२५ में खेला था और इस प्रारूप में उनका रिकॉर्ड विशेष रूप से प्रभावशाली नहीं रहा है। उन्होंने अब तक ३५ टी२० अंतरराष्ट्रीय मैचों में तीन अर्धशतकों की मदद से ५४० रन बनाए हैं। इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट के लिए उन पर भरोसा जताया है।
वहीं, चयनकर्ताओं ने अनुभवी ऑलराउंडर धनंजय डी सिल्वा को टीम से बाहर कर सभी को चौंका दिया है। वर्ष २०२६ में उनका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। उन्होंने तीन पारियों में केवल ४३ रन बनाए और गेंदबाज़ी में भी सिर्फ एक विकेट ही हासिल कर सके। बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी दोनों में खराब प्रदर्शन के कारण चयनकर्ताओं ने उन्हें १५ सदस्यीय टीम से बाहर रखने का साहसिक फैसला लिया।
दासुन शनाका एक बार फिर श्रीलंकाई टीम की कप्तानी करेंगे। टी२० प्रारूप में उनके पास पर्याप्त अनुभव है। उन्होंने अब तक १२३ टी२० अंतरराष्ट्रीय मैचों में १७४३ रन बनाने के साथ-साथ ४३ विकेट भी लिए हैं।
श्रीलंका ने ईशान मलिंगा को भी टीम में शामिल किया है, हालांकि उनकी फिटनेस को लेकर सवाल बने हुए हैं। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की टी२० श्रृंखला के दौरान दूसरे मुकाबले में उनके कंधे में चोट लग गई थी, लेकिन चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा दिखाया है।
श्रीलंकाई टीम का बल्लेबाज़ी क्रम काफ़ी मजबूत नज़र आ रहा है, जिसमें पाथुम निसांका, कुसल मेंडिस, चरिथ असलंका और कुसल परेरा जैसे बल्लेबाज़ शामिल हैं। इसके अलावा युवा खिलाड़ी पवन रत्नायके को भी टीम में जगह मिली है, जिन्होंने हाल के समय में टी२० प्रारूप में प्रभावित किया है।
गेंदबाज़ी विभाग भी संतुलित और मजबूत दिखाई देता है, जिसमें मथीशा पथिराना, वानिंदु हसरंगा, महीश तीक्षणा और दुश्मंथा चमीरा जैसे घातक गेंदबाज़ शामिल हैं।
टी२० विश्व कप में श्रीलंका को ग्रुप बी में ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, ओमान और ज़िम्बाब्वे के साथ रखा गया है। श्रीलंका अपना पहला मुकाबला ८ फ़रवरी को आयरलैंड के खिलाफ खेलेगा। यह मैच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आयोजित होगा।
टी२० विश्व कप के लिए श्रीलंका की टीम इस प्रकार है:
दासुन शनाका (कप्तान), पाथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा, चरिथ असलंका, कामिंदु मेंडिस, जनिथ लियानागे, पवन रत्नायके, दुनिथ वेलालागे, वानिंदु हसरंगा, महीश तीक्षणा, दुश्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना, ईशान मलिंगा।

About Author

Advertisement