नई दिल्ली: टी२० वर्ल्ड कप २०२६ की शुरुआत से पहले और टूर्नामेंट के शुरुआती दो दिनों में सबसे ज्यादा हलचल मचाने वाली टीम नेपाल रही है। मैदान के भीतर नेपाल की क्रिकेट को लेकर ही नहीं, बल्कि उनकी फैन पावर को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है।
रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में इसकी एक झलक देखने को मिली। भले ही नेपाल की टीम उलटफेर करने में नाकाम रही, लेकिन मैदान में हजारों की संख्या में मौजूद समर्थकों ने अंतिम क्षण तक टीम का हौसला बढ़ाया।
इसके अलावा टिकट बिक्री के ट्रेंड से भी यह साफ हो गया है कि आयोजक भारत के बाद सबसे अधिक उत्साह नेपाल को लेकर ही देखा जा रहा है। यह बदलाव इस बात का संकेत है कि क्रिकेट की एक नई ताकत तेजी से उभर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत के बाद नेपाल के मैचों के टिकट सबसे तेजी से बिक रहे हैं। इस मामले में नेपाल ने कई शीर्ष टीमों को पीछे छोड़ दिया है। प्रशंसकों का यह जुनून केवल जिज्ञासा नहीं, बल्कि इस भरोसे का प्रतीक है कि यह टीम मैदान पर कुछ खास कर दिखाएगी।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाल के समर्थकों का उत्साह असाधारण है। टिकट बुकिंग से यह समझा जा सकता है कि विदेशी धरती पर भी टीम को घरेलू माहौल मिलने वाला है।
मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम नेपाल के ग्रुप मैचों का मुख्य केंद्र है। आयोजकों को आने वाले मुकाबलों में भी बड़ी संख्या में नेपाली प्रशंसकों के मौजूद रहने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि टी२० अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नेपाल ने तेजी से सुधार किया है। इस प्रारूप में टीम अब तक ११३ मैच खेल चुकी है, जिनमें से ६६ में जीत हासिल की है।








