जापान के पूर्व पीएम आबे की हत्यारा को अब मिली सजा

2022-07-10T121509Z_781204033_RC2P8V9D96MQ_RTRMADP_3_JAPAN-ABE-1-1761632707

टोक्यो: जापान की एक अदालत ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या करने का अपराध कबूल करने वाले एक व्यक्ति को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। सरकारी प्रसारक ‘जापान ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन’ ने यह जानकारी दी। इस मामले ने जापान की सत्तारूढ़ पार्टी और दक्षिण कोरिया के एक विवादास्पद चर्च के बीच दशकों पुराने करीबी संबंधों को उजागर किया।
तेत्सुया यामागामी (४५) ने पश्चिमी शहर नारा में जुलाई २०२२ में चुनाव प्रचार के दौरान भाषण दे रहे आबे की हत्या किए जाने के मामले में अपना अपराध स्वीकार कर लिया था। नारा जिला अदालत ने फैसले की पुष्टि की और अभियोजन पक्ष के अनुरोध के अनुसार यामागामी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
चुनाव प्रचार के दौरान आबे की हत्या:
जापान के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल रहे आबे की २०२२ में पश्चिमी शहर नारा में चुनाव प्रचार के दौरान हत्या की गई थी। उस समय वह प्रधानमंत्री पद छोड़ने के बाद एक नियमित सांसद के रूप में काम कर रहे थे। कड़े बंदूक नियंत्रण वाले देश को इस घटना ने झकझोर दिया। यामागामी ने कहा कि उसने ‘यूनिफिकेशन चर्च’ से संबद्ध एक समूह को भेजा गया आबे का वीडियो संदेश देखने के बाद उनकी हत्या की। उसने कहा कि उसका लक्ष्य चर्च को नुकसान पहुंचाना और आबे के साथ उसके संबंधों को उजागर करना था।
अभियोजन पक्ष ने यामागामी के लिए आजीवन कारावास की मांग की जबकि उसके वकीलों ने २० वर्ष से अधिक की सजा न दिए जाने की मांग की और चर्च के अनुयायी माता-पिता की संतान के रूप में उसकी परेशानियों का हवाला दिया। जापानी कानून हत्या के मामलों में मृत्युदंड की अनुमति देता है लेकिन अभियोजन पक्ष आमतौर पर इसकी मांग तब तक नहीं करता, जब तक कम से कम दो लोगों की हत्या न हुई हो।
पुलिस ने सुरक्षा कड़ी की:
सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) और चर्च के बीच करीबी संबंध उजागर होने के बाद पार्टी ने चर्च से दूरी बना ली। हत्या की इस घटना के बाद अधिकारियों ने प्रतिष्ठित व्यक्तियों की पुलिस सुरक्षा बढ़ाने पर भी काम किया है।
अधिकारियों के अनुसार, आबे को आठ जुलाई, २०२२ को नारा में एक रेलवे स्टेशन के बाहर उस समय गोली मारी गई थी जब वह भाषण दे रहे थे। टेलीविजन कैमरों में कैद फुटेज में, नेता के मुट्ठी उठाते ही दो गोलियों की आवाज सुनाई दी और वह सीने को पकड़े गिर गए और उसकी कमीज पर खून लगा दिखाई दे रहा था।
यामागामी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। उसने कहा कि उसने शुरुआत में ‘यूनिफिकेशन चर्च’ के नेता की हत्या की योजना बनाई थी लेकिन नेता के करीब पहुंचने में कठिनाई के कारण उसने लक्ष्य बदलकर आबे को निशाना बनाया।

About Author

Advertisement