जयशंकर ने पाकिस्तान को ‘बुरा पड़ोसी’ कहा, आतंकवाद से रक्षा के अधिकार काे दोहराया

75bl377s_s-jaishankar-afp_625x300_21_August_25

नई दिल्ली: भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं। एक बार फिर उन्होंने पाकिस्तान को आईना दिखाया और उसे बुरा पड़ोसी कहा। उन्होंने कहा कि भारत को आतंकवाद से अपने नागरिकों की रक्षा करने का अधिकार है और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई की जाएगी।
जयशंकर ने बिना पाकिस्तान का नाम लिए उसे संभलने की चेतावनी दी। दरअसल, आज चेन्नई में उन्होंने आईआईटी मद्रास के छात्रों से संवाद करते हुए भारत के पश्चिम में बुरे पड़ोसी का जिक्र किया।
विदेश मंत्री ने शुक्रवार को कहा कि भारत के इरादों को गलत समझने की स्थिति से बचने के लिए अन्य देशों के साथ प्रभावी संवाद बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “लोगों को आपको गलत समझने से रोकने का तरीका संवाद है। यदि आप अच्छी तरह, स्पष्ट और ईमानदारी से संवाद करते हैं तो अन्य देश और लोग उसका सम्मान करते हैं और उसे स्वीकार करते हैं।”
दुर्भाग्य से हमारे पास बुरे पड़ोसी हैं:
जयशंकर ने कहा, “आपके पास बुरे पड़ोसी भी हो सकते हैं। दुर्भाग्य से, हमारे पास हैं। जब आपके पास बुरे पड़ोसी होते हैं, और आप पश्चिम की ओर देखते हैं, और पाते हैं कि कोई देश जानबूझकर, लगातार और बिना पछतावे के आतंकवाद जारी रख रहा है, तो हमें अपने लोगों की रक्षा करने का अधिकार है। हम उस अधिकार का प्रयोग करेंगे।”
पश्चिम के साथ साझेदारी भी महत्वपूर्ण:
जयशंकर ने कहा, “बहुत कम प्राचीन सभ्यताएं हैं जो आज प्रमुख आधुनिक राष्ट्र-राज्यों के रूप में अस्तित्व में हैं और भारत उनमें से एक है। हमारे पास अपने अतीत की ऐसी समझ है जो बहुत कम देशों के पास है। यदि हमने यह रास्ता नहीं चुना होता तो लोकतांत्रिक आदर्श क्षेत्रीय और संकीर्ण ही रह जाता। पश्चिम के साथ साझेदारी भी महत्वपूर्ण है और इसी तरह हम दुनिया को आकार देते हैं।”

About Author

Advertisement