इस्लामाबादः पाकिस्तान में ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बाद उठे जनाक्रोश के बीच प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पेट्रोल की कीमत में ८० पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की कटौती की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार ने पेट्रोल पर लगने वाली लेवी में तत्काल ८० रुपये की कमी करने का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद पेट्रोल की नई कीमत ३७८ पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है, जो आधी रात से लागू हो गई।
इससे पहले सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल की कीमतों में क्रमशः ४३ प्रतिशत और ५५ प्रतिशत की भारी वृद्धि की थी। पेट्रोल की कीमत ३२१.१७ रुपये से बढ़ाकर ४५८.४१ रुपये प्रति लीटर कर दी गई थी, जिससे आम जनता में भारी नाराजगी फैल गई थी।
शहबाज शरीफ ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र की परिस्थितियों के कारण पेट्रोलियम कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन सरकार लोगों को राहत देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कम से कम एक महीने तक कीमतों में और वृद्धि नहीं की जाएगी।
सरकार ने आम जनता को राहत देने के लिए कई उपायों की घोषणा की है। इसके तहत मोटरसाइकिल उपयोगकर्ताओं को १०० रुपये प्रति लीटर की सब्सिडी, माल ढुलाई वाहनों के लिए ७०,००० से ८०,००० रुपये तक की सहायता और यात्री वाहनों के लिए १ लाख रुपये तक की मदद दी जाएगी। साथ ही छोटे किसानों के लिए १,५०० रुपये प्रति एकड़ की आर्थिक सहायता की भी घोषणा की गई है।









