प्योंगयाङ: करीब छह वर्षों के अंतराल के बाद चीन और उत्तर कोरिया के बीच अंतरराष्ट्रीय यात्री ट्रेन सेवा फिर से शुरू हो गई है। शुक्रवार की सुबह प्योंगयांग से रवाना हुई ट्रेन बीजिंग पहुंची, जिससे दोनों देशों के बीच यात्रा और आर्थिक गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
समाचार एजेंसियों के अनुसार, प्योंगयांग से गुरुवार को चली ट्रेन शुक्रवार की सुबह लगभग आठ बजे बीजिंग के रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इसी के साथ बीजिंग से प्योंगयांग के लिए एक ट्रेन गुरुवार को रवाना हुई, जो शुक्रवार की शाम लगभग छह बजे प्योंगयांग पहुंचने वाली है।
चीनी रेलवे प्राधिकरण के अनुसार, यह सेवा बीजिंग और दांडोंग को प्योंगयांग से जोड़ेगी। इससे सीमा पार यात्रा आसान होगी और दोनों देशों के बीच व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा। यह ट्रेन सेवा जनवरी दो हजार बीस से बंद थी। उस समय कोविड-उन्नीस महामारी के कारण अंतरराष्ट्रीय यात्रा और सीमा पार पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए थे।
इस सप्ताह चीन राज्य रेलवे समूह ने घोषणा की कि चीन और उत्तर कोरिया के बीच अंतरराष्ट्रीय यात्री ट्रेनें गुरुवार से दोनों दिशाओं में फिर से संचालित होंगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बीजिंग–प्योंगयांग के बीच ट्रेन सप्ताह में चार दिन चलेगी, जबकि चीन के सीमावर्ती शहर दांडोंग और प्योंगयांग के बीच ट्रेन सेवा प्रतिदिन संचालित होगी।
ध्यान देने योग्य है कि चीन, उत्तर कोरिया का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। ऐसे में ट्रेन सेवाओं की बहाली को दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








