दुबई: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) पुरुष टी२० विश्व कप २०२६ की आयोजन तकनीकी समिति ने चोटिल तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना के स्थान पर दिलशान मदुशंका को श्रीलंका टीम में शामिल करने की मंजूरी दे दी है।
पथिराना को १६ फरवरी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान बाएं पैर में चोट लग गई थी। चोट के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा है और उनकी जगह अब मदुशंका टीम का हिस्सा होंगे।
ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध पल्लेकेले में खेले गए मैच में पथिराना ने अपने पहले स्पेल में केवल चार गेंदें फेंकी थीं, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। शेष दो गेंदें कप्तान दासुन शनाका ने डालकर ओवर पूरा किया था।
किसी भी खिलाड़ी के प्रतिस्थापन के लिए आयोजन तकनीकी समिति की स्वीकृति आवश्यक होती है। समिति की मंजूरी मिलने के बाद ही नए खिलाड़ी को आधिकारिक रूप से टीम में शामिल किया जाता है। इससे पहले श्रीलंका के बल्लेबाजी सलाहकार विक्रम राठौड़ ने पथिराना की चोट को लेकर संकेत दिया था कि उन्हें शेष मैचों के लिए अनफिट घोषित किया जा सकता है और उनके स्थानापन्न पर विचार चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि श्रीलंका के स्टार स्पिन ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। पथिराना के बाहर होने से श्रीलंका के गेंदबाजी आक्रमण को झटका लगा है, हालांकि टीम ने पहले ही सुपर-८ चरण में जगह बना ली है। सुपर-८ में श्रीलंका का पहला मुकाबला २२ फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ खेला जाएगा।









