चेन्नई: इंडियन प्रीमियर लीग २०२६ में लगातार तीन मैच हारने के बाद आखिरकार चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने जीत का खाता खोल लिया। शनिवार को खेले गए दिन के दूसरे मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को २३ रन से हराया।
एम ए चिदंबरम स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने ओपनर संजू सैमसन के शतक की बदौलत २० ओवर में २ विकेट के नुकसान पर २१२ रन का मजबूत स्कोर बनाया। इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम २० ओवर में १८९ रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की ओर से ट्रिस्टन स्टब्स और ओपनर पाथुम निस्सांका को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे सका। स्टब्स ने ३८ गेंदों में ४ चौके और ३ छक्कों की मदद से ६० रन बनाए, जबकि निस्सांका ने २४ गेंदों में ५ चौके और २ छक्कों के साथ ४१ रन बनाए। आशुतोष राणा ने १९ और केएल राहुल ने १८ रन का योगदान दिया।
चेन्नई के गेंदबाजों में जेमी ओवरटन ने ४ और अंशुल कंबोज ने ३ विकेट लिए।
इससे पहले पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई को ओपनर सैमसन ने शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने रुतुराज गायकवाड़ (१५ रन) के साथ पहले विकेट के लिए ६२ रन और आयुष म्हात्रे (रिटायर्ड हर्ट, ५९ रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए ११३ रन की साझेदारी की। म्हात्रे ने ३६ गेंदों में ४ छक्के और ३ चौकों की मदद से ५९ रन बनाए।
अंतिम ओवरों में सैमसन ने शिवम दुबे के साथ तीसरे विकेट के लिए ३७ रन की नाबाद साझेदारी कर टीम का स्कोर २०० के पार पहुंचाया। सैमसन ने ५६ गेंदों में १५ चौके और ४ छक्के लगाए।










