काठमांडू: ५ मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव के लिए आज प्रचार प्रसार का आखिरी दिन है, और देश भर में राजनीतिक दल, उम्मीदवार और उनके कार्यकर्ता चुनावी अभियान के अंतिम चरण में व्यस्त हैं। निर्वाचन आचार संहिता के अनुसार मतदान से ४८ घंटे पहले ‘मौन अवधि’ शुरू हो जाएगी, जिसके चलते आज रात से औपचारिक प्रचार प्रसार बंद हो जाएगा।
१६५ निर्वाचन क्षेत्रों में एक ही चरण में मतदान होने वाले इस चुनाव के लिए जरूरी सामग्री संबंधित मतदान केंद्रों की ओर तेजी से भेजी जा रही है। दुर्गम इलाकों में हेलिकॉप्टर से सामग्री का ढुलाई किया जा रहा है। हुम्ला जैसे उच्च हिमाली क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ सामग्री की ढुलाई का काम तीव्र कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने नेपाल टेलिविजन और रेडियो नेपाल के माध्यम से देशवासियों से मतदान में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए नागरिकों की भागीदारी को अनिवार्य बताया।
चुनाव की सुरक्षा के मद्देनजर आज रात १० बजे से ६ मार्च को सुबह ६ बजे तक नेपाल-भारत सीमा के नाके बंद करने का निर्णय संबंधित स्थानीय प्रशासन ने लिया है।
पिछले भाद्रपद में हुए ‘जेन जी’ आंदोलन के बाद प्रतिनिधि सभा का विघटन किया गया था। इसी कारण चुनाव पहले निर्धारित समय से पहले हो रहे हैं।
इस बार मतदाता प्रत्यक्ष और समानुपातिक प्रणाली के तहत दो अलग-अलग मतपत्रों से मतदान करेंगे। निर्वाचन आयोग ने मतदान प्रक्रिया को सरल बनाने और अवैध मतों की संख्या घटाने के उद्देश्य से मतदाता शिक्षा कार्यक्रम पहले ही पूरा कर लिया है।
निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण, भयमुक्त और निष्पक्ष मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी होने की जानकारी दी है।










