कोलकाता: भारत निर्वाचन आयोग ने दुष्यंत नरियाला को पश्चिम बंगाल का नया मुख्य सचिव नियुक्त करने का आदेश दिया है। अब तक यह जिम्मेदारी संभाल रहीं नंदिनी चक्रवर्ती को चुनाव संबंधी कार्यों से अलग कर दिया गया है।
चुनाव आयोग ने राज्य के गृह सचिव जेपी मीणा को भी पद से हटाने का निर्देश दिया है। रविवार रात राज्य सरकार को भेजे गए पत्र में आयोग ने संघमित्रा घोष को गृह एवं पर्वतीय मामलों की प्रधान सचिव नियुक्त करने का निर्देश दिया।
आयोग ने स्पष्ट किया कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें चुनाव संपन्न होने तक किसी भी चुनाव संबंधी पद पर तैनात नहीं किया जाएगा। आयोग ने कहा कि राज्य में चुनाव तैयारियों की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है।
आयोग ने निर्देश दिया कि आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए और नियुक्ति संबंधी अनुपालन रिपोर्ट सोमवार दोपहर तीन बजे तक भेजी जाए। राज्य में विधानसभा चुनाव २३ और २८ अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना ४ मई को की जाएगी।










