पणजी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को गोवा में श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ के ५५० वर्ष पूरे होने पर आयोजित समारोहों के तहत भगवान राम की ७७ फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। मोदी ने दक्षिण गोवा स्थित पर्तगाली मठ के मंदिर का भी दौरा किया।
यह मठ भारत के सबसे पुराने मठों में से एक है और आध्यात्मिक, सांस्कृतिक तथा सामाजिक योगदान के लिए जाना जाता है। इसका सारस्वत समुदाय में महत्वपूर्ण स्थान है। गोवा के लोक निर्माण विभाग मंत्री दिगंबर कामत ने बताया कि गुजरात में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ डिज़ाइन करने वाले मूर्तिकार राम सुतार ने भगवान राम की यह प्रतिमा तैयार की है। उन्होंने कहा कि यह विश्व में भगवान राम की सबसे ऊंची प्रतिमा है। कार्यक्रम में गोवा के राज्यपाल अशोक गजपति राजू और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी उपस्थित थे।
गोवा में राम मूर्ति के साथ रामायण थीम पार्क और राम संग्रहालय का निर्माण भी किया जा रहा है। गोकर्ण पर्तगाली मठ के ५५०वां साल पूरा होने पर ५५० करोड़ रुपए का राम नाम जप अभियान और भजनी सप्ताह चलाया जा रहा है, जो २४ नवंबर से शुरू होकर ३१ दिसंबर तक चलेगा। इसके अलावा मठ में ११ दिन तक उत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भजन, कीर्तन और विशेष पूजा-पाठ शामिल होंगे।








