‘गोट इंडिया टूर’ में लियोनेल मेस्सी से मिलना सुनील छेत्री के लिए ‘सपना और फर्ज’

FB_IMG_1765858307866

नई दिल्ली: अर्जेंटीना के महान फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी से उनके ‘गोट इंडिया टूर’ के दौरान मुलाकात करना पूर्व भारतीय कप्तान सुनील छेत्री के लिए किसी सपने के सच होने जैसा रहा। छेत्री ने इसे अपने लिए “सपना और फर्ज दोनों” बताया है। चोट के कारण इस कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए मुश्किल हो गया था, लेकिन अंदर के प्रशंसक ने उन्हें मुंबई तक पहुंचा ही दिया।
हाल ही में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने वाले सुनील छेत्री ९५ अंतरराष्ट्रीय गोल के साथ इतिहास के चौथे सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। वहीं, ११५ गोल के साथ मेस्सी इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। विश्व कप विजेता कप्तान मेस्सी की भारत यात्रा के तीसरे चरण के दौरान रविवार को दोनों दिग्गज मुंबई में मिले।
छेत्री ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि फुटबॉल मैदान पर मेस्सी की कला उनके लिए उस समय “इलाज” का काम करती है, जब वह खुद को दुखी महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि चोट के कारण उन्हें लंगड़ाकर चलना पड़ रहा था और फिजियो टेबल पर ज्यादा समय बिताना उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं था। इसके बावजूद वह मुंबई जाने से खुद को रोक नहीं सके।
छेत्री ने बताया कि मेस्सी से मिलना ही शायद वही चीज थी, जिसकी उन्हें जरूरत थी। इस दौरान मेस्सी ने छेत्री के साथ समय बिताया और उन्हें अपनी अर्जेंटीना टीम की जर्सी भी भेंट की। इसके अलावा छेत्री ने लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डि पॉल से मिलकर भी खुशी जाहिर की। उन्होंने सुआरेज के साथ तस्वीर खिंचाने को “बच्चों जैसा रोमांच” बताया और डि पॉल जैसे एक और विश्व कप विजेता से मिलना खास अनुभव बताया।

About Author

Advertisement