कोलकाता: कोलकाता में लगातार तीन दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। शनिवार की शाम भी शहर के कुछ इलाकों में हल्की और बिखरी हुई बारिश दर्ज की गई थी। रविवार को पूरे दिन कोलकाता का आसमान बादलों से ढका रहा और धूप भी ठीक से नहीं निकली। सोमवार की सुबह भी स्थिति लगभग वैसी ही रही, आसमान में बादल छाए रहे और तेज धूप देखने को नहीं मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का यही हाल बना रह सकता है। सोमवार से बुधवार तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, कई जिलों में तेज हवाओं की चेतावनी दि है।
अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से बुधवार तक कोलकाता में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि फिलहाल भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। शहर में केवल हल्की बारिश का पूर्वानुमान दिया गया है। यही स्थिति हावड़ा, हुगली और दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में भी देखने को मिल सकती है।
दक्षिण २४ परगना, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ-साथ ३० से ४० किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बीरभूम और पश्चिम बर्धमान में हवा की गति ४० से ५० किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
उत्तर बंगाल के सभी जिलों में भी इस सप्ताह गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है और यह सिलसिला अगले रविवार तक जारी रह सकता है। सोमवार और मंगलवार के लिए दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में भी चेतावनी जारी की गई है।
सोमवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान २४ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से २.३ डिग्री अधिक है। वहीं रविवार को अधिकतम तापमान ३०.४ डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से २.६ डिग्री कम था। दिन भर आसमान बादलों से ढका रहने की संभावना है।









