कोचबिहार: विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही कोचबिहार में महिला तृणमूल की जिला सभानेत्री सुचिस्मिता देव शर्मा के घर के पास बम मिलने की घटना सामने आई है। इस घटना से पूरे इलाके में काफी सनसनी और हलचल फैल गई है। शनिवार देर रात यह मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया।
घटना के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। तृणमूल नेत्री ने आरोप लगाया है कि भाजपा की ओर से यह घटना सुनियोजित तरीके से कराई गई है, ताकि इलाके में अशांति फैलाई जा सके और चुनाव से पहले भय का माहौल बनाया जा सके।
वहीं दूसरी ओर, भाजपा ने सभी आरोपों से इनकार किया है। पार्टी की नेत्री दीपा चक्रवर्ती ने पलटवार करते हुए दावा किया कि यह तृणमूल कांग्रेस द्वारा ही रची गई घटना है। उनके अनुसार, राजनीतिक लाभ लेने के लिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।
इस घटना को लेकर इलाके में तनाव जरूर बढ़ा है, लेकिन स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस सक्रिय है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर चुकी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बम वहां कैसे पहुंचा।
विश्लेषकों के अनुसार, चुनाव से पहले इस तरह की घटनाएं राजनीतिक स्थिति को और जटिल बना सकती है।









