नई दिल्ली: कुवैत ने शुक्रवार को कहा कि उसकी मीना अल-अहमदी तेल रिफाइनरी पर ईरान ने एक बार फिर ड्रोन हमला किया, जिससे कई इकाइयों में आग लग गई। इससे एक दिन पहले, बृहस्पतिवार को भी रिफाइनरी को निशाना बनाया गया था।
कुवैत के अनुसार दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब देश में ईद का उत्सव मनाया जा रहा है।
इससे पहले इजराइल ने फारस की खाड़ी में स्थित ईरान के ‘साउथ पार्स’ गैस क्षेत्र पर बमबारी की थी, जिसके बाद ईरान ने खाड़ी क्षेत्र के ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
हालांकि, इजराइल ने बाद में इस गैस क्षेत्र पर और हमले नहीं करने का आश्वासन दिया है। यह निर्णय उस समय आया है जब ईरान ने तेल और गैस प्रतिष्ठानों पर हमले तेज कर दिए हैं।
इस बढ़ते तनाव का वैश्विक ऊर्जा बाजार पर असर साफ दिखने लगा है। ईंधन की कीमतों में तेजी आई है और क्षेत्रीय संघर्ष के व्यापक युद्ध में बदलने का खतरा भी बढ़ गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान की गतिविधियों से वैश्विक आपूर्ति पर और दबाव बढ़ सकता है। दुनिया के कुल तेल परिवहन का लगभग पांचवां हिस्सा इसी मार्ग से गुजरता है।
इस बीच, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुरोध पर फिलहाल गैस क्षेत्र पर हमले रोकने की बात कही है।







