कालिम्पोंग के समग्र विकास के लिए बीजेपी गठबंधन को समर्थन देने की अपील, सांसद राजू बिष्ट का आह्वान

FB_IMG_1775313089319

कालिम्पोंग: दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने कालिम्पोंग से बीजेपी गठबंधन के उम्मीदवार भरत छेत्री के समर्थन में आयोजित विशाल नामांकन रैली में भाग लेकर क्षेत्र के विकास के लिए गठबंधन को समर्थन देने की अपील की।
रैली को संबोधित करते हुए सांसद बिष्ट ने कालिम्पोंग के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि एक समय यह क्षेत्र व्यापार और वाणिज्य का प्रमुख केंद्र था, जहां से सिक्किम, दार्जिलिंग, भूटान, तिब्बत और चीन के साथ व्यापारिक संबंध स्थापित थे। इसके अलावा कालिम्पोंग अपने प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों, कृषि, बागवानी और फूलों की खेती के लिए भी प्रसिद्ध था।
वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि कालिम्पोंग अपने गौरवशाली अतीत से पीछे छूट गया है। व्यापार और वाणिज्य में गिरावट आई है, विद्यार्थी अन्य शहरों की ओर पलायन कर रहे हैं और युवा बेहतर अवसरों की तलाश में बाहर जाने को मजबूर हैं। साथ ही सिनकोना और चाय बागान संकट में हैं तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों की कमी है।
डीआई फंड योजना के तहत रहने वाले लोगों से राज्य सरकार द्वारा शुल्क के नाम पर भारी राशि वसूले जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने इस प्रवृत्ति को समाप्त करने का आश्वासन दिया।
सांसद बिष्ट ने कहा कि बीजेपी गठबंधन रोजगार सृजन, गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संस्थान स्थापित करने तथा कृषि, बागवानी और फूलों की खेती को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान देगा। उन्होंने कहा कि शिक्षित युवाओं को अपने ही क्षेत्र में अवसर उपलब्ध कराकर पलायन को रोका जाएगा।
पेयजल समस्या के समाधान के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने बताया कि कालिम्पोंग नगरपालिका के लिए १९७ करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और “हर घर जल” योजना के अंतर्गत ५१८.६ करोड़ रुपये की लागत से १४६ परियोजनाएं संचालित हो रही हैं।
बुनियादी ढांचे के विकास के तहत प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत लगभग ३२७ करोड़ रुपये की लागत से करीब ५०० किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण पूरा किया गया है तथा अन्य परियोजनाओं को भी स्वीकृति मिली है। सेवोक-रंगपो रेल लाइन, राष्ट्रीय राजमार्ग ७१७ए, डामडिम-गोरुबाथान-लावा सड़क सहित कई परियोजनाएं निर्माणाधीन या पूर्णता के निकट हैं।
इसके अलावा कोरोनेशन पुल के वैकल्पिक पुल का निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग-१० का सुधार, चालसा-जलढाका-बिंदु सड़क निर्माण सहित अन्य परियोजनाएं प्रगति पर हैं। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शुरू हो चुका है तथा बालासन से सेवोक तक एलिवेटेड राजमार्ग कॉरिडोर का पहला चरण पूरा होने वाला है।
अंत में राजू बिष्ट ने कहा कि यह चुनाव केवल जीत या हार का विषय नहीं है, बल्कि जवाबदेही, विकास और क्षेत्र के भविष्य को सुरक्षित करने से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कालिम्पोंग के लोगों से बीजेपी गठबंधन के उम्मीदवार भरत छेत्री को समर्थन देकर भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

About Author

Advertisement