कांग्रेस कार्य समिति की बैठक २४ सितंबर को पटना में

l4nvcoak_lrc_160x120_17_December_23

नई दिल्ली/पटना: कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक आगामी २४ सितंबर को पटना में होगी। बैठक में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व बिहार विधानसभा चुनाव की रणनीति और भाजपा पर ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर अभियान तेज करने पर चर्चा कर सकता है।
सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। कार्य समिति कांग्रेस की शीर्ष नीति निर्धारक इकाई है। यह विस्तारित कार्य समिति की बैठक होगी, जिसमें स्थायी आमंत्रित सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य, पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्य इकाइयों के अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक दल (CLP) के नेता भी शामिल होंगे।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में बिहार चुनाव, पार्टी की प्रचार रणनीति, भविष्य के चुनाव और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बैठक सुबह १० बजे शुरू होगी। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित पार्टी के सभी शीर्ष नेता इसमें उपस्थित रहेंगे।
यह बैठक महागठबंधन के सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत के बीच और राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ एवं मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद हो रही है। राहुल गांधी की यात्रा को कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने और चुनाव तैयारियों के संदर्भ में सफल माना जा रहा है। बिहार में इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।

About Author

Advertisement