सिडनी: टी२० विश्व कप शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज पैट कमिंस चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी १५ सदस्यीय टीम में दो बदलाव किए हैं। कमिंस के अलावा शीर्ष क्रम के बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट को भी टीम से बाहर कर दिया गया है। इन दोनों की जगह तेज गेंदबाज बेन ड्वारशुइस और बल्लेबाज मैथ्यू रेनशॉ को टीम में शामिल किया गया है।
पैट कमिंस लंबे समय से चोट से जूझ रहे थे। इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के दौरान भी वह अधिकांश मैचों में नहीं खेल पाए थे। टेस्ट टीम से बाहर होने के बाद उम्मीद थी कि वह टी२० विश्व कप तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने में अब केवल सात दिन शेष हैं और उनकी फिटनेस में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। ऐसे में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को उन्हें टीम से बाहर करने का फैसला लेना पड़ा। कमिंस ऑस्ट्रेलियाई टीम के अहम सदस्य रहे हैं और उनका बाहर होना टीम के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है।
इस बीच, जोश हेजलवुड, टिम डेविड और नाथन एलिस ने टी२० विश्व कप के लिए फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। हेजलवुड हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण एशेज सीरीज से बाहर रहे थे। वहीं टिम डेविड चोट के चलते बिग बैश लीग और पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाए थे। नाथन एलिस भी लंबे समय से चोट के कारण मैदान से दूर थे।
ऑस्ट्रेलियाई टीम विश्व कप से पहले पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी२० सीरीज खेल रही है। आईसीसी टी२० विश्व कप ७ फरवरी से शुरू होगा, जिसके मुकाबले भारत और श्रीलंका में खेले जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप बी में ओमान, आयरलैंड, जिम्बाब्वे और श्रीलंका के साथ रखा गया है। ऑस्ट्रेलिया ११ फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ कोलंबो में अपना अभियान शुरू करेगा।
टी२० विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम इस प्रकार है:
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, बेन ड्वारशुइस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिश, मैथ्यू कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस और एडम ज़ाम्पा।









