कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन या अभिषेक शर्मा कर सकते हैं कप्तानी

IMG-20260317-WA0063

हैदराबाद: सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस इस समय पीठ की चोट से जूझ रहे हैं, जिसके कारण वह इंडियन प्रीमियर लीग २०२६ के शुरुआती मुकाबलों से बाहर रह सकते हैं। कप्तान की चोट ने टीम की चिंता बढ़ा दी है।
कमिंस की अनुपस्थिति में टीम की अगुवाई के लिए दो नाम सबसे आगे चल रहे हैं- ईशान किशन और अभिषेक शर्मा। दोनों खिलाड़ी टीम के अहम सदस्य हैं और हाल के समय में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
कमिंस ने दिसंबर २०२५ में एशेज श्रृंखला के तीसरे टेस्ट के बाद से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। वेस्ट इंडीज दौरे के दौरान उनकी पीठ के निचले हिस्से में चोट लगी थी, जिसके कारण वह लंबे समय से मैदान से बाहर हैं। इसी चोट के चलते वह आगे के मुकाबलों और विश्व कप से भी बाहर रहे।
ईशान किशन २०२५ से टीम का हिस्सा हैं और उन्होंने अपनी कप्तानी में झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताई थी। वहीं अभिषेक शर्मा २०१९ से इस फ्रेंचाइजी से जुड़े हुए हैं और टीम की योजनाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं।
हाल ही में विश्व कप में भी दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान ने तीन अर्धशतक लगाए, जबकि अभिषेक ने फाइनल में १८ गेंदों में अर्धशतक जड़कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को ९६ रन से हराया था।
सूत्रों के अनुसार, कमिंस फिलहाल चोट से उबर रहे हैं और वापसी से पहले उन्हें फिटनेस परीक्षण पास करना होगा। उनके फिट होने तक ईशान किशन या अभिषेक शर्मा में से कोई एक टीम की कप्तानी संभाल सकता है।
सनराइजर्स हैदराबाद, जो २०१६ की चैंपियन टीम है, २०२६ में अपना पहला मुकाबला २८ मार्च को खेलेगी, जहां उसका सामना गत सत्र की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगा।

About Author

Advertisement