नई दिल्ली: भारत के महान क्रिकेटर कपिल देव ने टी२० वर्ल्ड कप २०२६ में भारत के खिलाफ मैच बहिष्कार करने वाले पाकिस्तान के फैसले पर गहरी निराशा व्यक्त की है। उनका मानना है कि यह फैसला पाकिस्तान के क्रिकेट और वहां के खिलाड़ियों को ही सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाएगा।
कपिल देव ने कहा, “ऐसा बोर्ड स्तर का फैसला खिलाड़ियों पर लंबे समय तक भारी पड़ेगा। अगर यह फैसला खिलाड़ी स्वयं लेते, तो वह सामने आकर जिम्मेदारी लेते, लेकिन बोर्ड ने ही मैच न खेलने का निर्णय लिया है। इसका असर पूरे देश और खेल पर पड़ेगा। यह पाकिस्तान क्रिकेट के लिए कोई अच्छा संकेत नहीं है।”
उन्होंने इस फैसले को पाकिस्तान के युवा क्रिकेटरों के लिए घातक करार दिया। कपिल ने कहा, “विश्व कप जैसे बड़े मंच पर खेलना हर खिलाड़ी का सपना होता है। इसे रोककर आप पूरी पीढ़ी के साथ अन्याय कर रहे हैं। पाकिस्तान में प्रतिभा की कमी नहीं है। इस बार खिलाड़ियों को खेलने न देकर बोर्ड ने न केवल खेल को नुकसान पहुंचाया है, बल्कि अपने खिलाड़ियों के साथ भी अन्याय किया है।”
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान सरकार ने रविवार को घोषणा की थी कि टीम टी२० वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी, लेकिन १५ फरवरी को भारत के खिलाफ कोलंबो में होने वाला मैच नहीं खेलेगी। कपिल देव ने कहा कि प्रारंभ में इस फैसले से भावनात्मक प्रतिक्रियाएं जरूर आएंगी, लेकिन समय के साथ दुनिया आगे बढ़ेगी और पाकिस्तान अकेला रहेगा। “भावनाओं और दर्शकों पर असर होगा, लेकिन लंबी अवधि में इसका कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा,” उन्होंने जोड़ा।










