नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने तेज गेंदबाज नसीम शाह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कदम उस विवादित पोस्ट के बाद उठाया गया है जो उनके सोशल मीडिया अकाउंट से पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज को लेकर प्रकाशित हुआ था। पीसीबी का आरोप है कि नसीम ने अपने केंद्रीय अनुबंध की शर्तों और संगठन के मीडिया नियमों का उल्लंघन किया है।
उनका जवाब मिलने के बाद आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी। घटना की शुरुआत पाकिस्तान सुपर लीग के उद्घाटन मैच के दौरान हुई। उस मैच से पहले नसीम के अकाउंट से पीसीबी की एक पोस्ट को कोट रिट्वीट करते हुए सवाल उठाया गया था—“उन्हें लार्ड्स की रानी जैसा सम्मान क्यों दिया जा रहा है?”
हालांकि कुछ समय बाद पोस्ट हटा दी गई और नसीम ने दावा किया कि उनका अकाउंट हैक हो गया था। लेकिन इस सफाई से पीसीबी संतुष्ट नहीं हुआ। उल्लेखनीय है कि मरियम नवाज केवल पंजाब की मुख्यमंत्री ही नहीं हैं, बल्कि पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी और वर्तमान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की भतीजी भी हैं। उद्घाटन मैच में वह कड़ी सुरक्षा के बीच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में मौजूद थीं और उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात भी की।
हालांकि पीसीबी ने नसीम की सजा को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की है। लेकिन माना जा रहा है कि उन पर बोर्ड के आचार संहिता की धारा २.२३ के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। हाल ही में पीसीबी ने खिलाड़ियों के राजनीतिक बयानबाज़ी पर सख्त रुख अपनाया है।
पिछले वर्ष ऑलराउंडर आमिर जमाल पर इमरान खान के समर्थन में ‘८०४’ लिखा कैप पहनकर अभ्यास करने के कारण १० लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया गया था। ‘८०४’ नंबर इमरान खान की जेल संख्या है। अब देखना यह है कि नसीम शाह को इस मामले में क्या सजा मिलती है।










