ओमान के खिलाफ श्रीलंका ने १०५ रनों से दर्ज की एकतरफा जीत

IMG-20260212-WA0076

पल्लेकेल: आईसीसी टी२० वर्ल्ड कप २०२६ में श्रीलंका ने लगातार दूसरी जीत हासिल की। ग्रुप बी के मुकाबले में, जो गुरुवार को खेला गया, टूर्नामेंट के सह-आयोजक श्रीलंका ने असहाय ओमान को १०५ रनों से हराया। मैच पूरी तरह एकतरफा रहा।
श्रीलंका ने कप्तान दासुन शनाका की रिकॉर्डईनिंग के दम पर २० ओवर में ५ विकेट खोकर २२५ रन बनाए। यह टी२० वर्ल्ड कप के इतिहास में श्रीलंका का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर और इस संस्करण में किसी भी टीम का सर्वाधिक स्कोर है।
जवाब में ओमान टीम केवल २० ओवर में ९ विकेट खोकर १२० रन ही बना सकी। श्रीलंका की इस जीत में शनाका का योगदान अहम रहा, जिन्होंने २० गेंदों में ५० रन बनाए। उन्होंने केवल १९ गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो श्रीलंका की तरफ से टी२० प्रारूप में सबसे तेज अर्धशतक है। इसके अलावा कुसल मेंडिस और पवन रत्नायके ने भी अर्धशतक जड़ा।
ओमान ने २२६ रनों का पीछा शुरू से ही मुश्किल में पाया। केवल ३६ रन पर ३ विकेट गिर जाने के बाद टीम तेजी से रन नहीं बना सकी। मोहम्मद नसीम ने ५६ गेंदों में ५३ रन बनाए, जिसमें ३ चौके और १ छक्का शामिल था। वसीम अली ने २७ रन जोड़े।
श्रीलंकाई गेंदबाजों में दुश्मंत चमीरा और महीष तीक्ष्णा ने २-२ विकेट लिए।
मैच की शुरुआत श्रीलंका के लिए अच्छी नहीं रही। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाथुम निसांका (१३) और कमिल मिशारा (८) के रूप में ओपनिंग जोड़ी ४२ रन पर आउट हो गई। इसके बाद कुसल मेंडिस ने टीम को संभाला। उन्होंने पवन रत्नायके के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए ९४ रनों की साझेदारी की। रत्नायके ने २८ गेंदों में ८ चौके और १ छक्के की मदद से ६० रन बनाए।
रतनायके के आउट होने के बाद मेंडिस को कप्तान शनाका ने अच्छा साथ दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए ६३ रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। मेंडिस और शनाका १९वें ओवर में आउट हुए। मेंडिस ने ४५ गेंदों में ७ चौके की मदद से ६१ रन बनाए। अंत में कामिंदु मेंडिस (नाबाद १९) और दुनिथ वेल्लालागे (नाबाद ६) ने टीम का स्कोर २२५ रन तक पहुँचाया।
ओमान की तरफ से जितेन रामानन्दी ने २ विकेट लिए।

About Author

Advertisement