ओमान के खिलाफ जिम्बाब्वे की ८ विकेट से शानदार जीत

IMG-20260209-WA0107

कोलंबो: जिम्बाब्वे ने आईसीसी टी२० विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत एकतरफा जीत के साथ की। ग्रुप बी के मुकाबले में जिम्बाब्वे ने ओमान को ८ विकेट से पराजित किया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ओमान की टीम १९.५ ओवर में मात्र १०३ रन पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने १३.३ ओवर में ही २ विकेट के नुकसान पर १०६ रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
जिम्बाब्वे की शुरुआत हालांकि कुछ खास नहीं रही। सलामी बल्लेबाज तादिवांशा मारुमानी २१ रन बनाकर आउट हुए, जबकि डियोन मेयर्स खाता भी नहीं खोल सके। दोनों विकेट एक ही ओवर में सूफियान महमूद ने झटके। ३० रन पर दो विकेट गिरने के बाद ब्रायन बेनेट और ब्रेंडन टेलर ने पारी को संभाला।
टीम का स्कोर ९८ रन पहुंचने पर टेलर रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटे। उन्होंने ३० गेंदों में तीन चौकों की मदद से ३१ रन बनाए। इसके बाद ब्रायन बेनेट ने कप्तान सिकंदर रजा के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई। बेनेट ने ३६ गेंदों में सात चौकों की सहायता से नाबाद ४८ रन की पारी खेली।
इससे पहले ओमान की बल्लेबाजी बेहद निराशाजनक रही। जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने अपने पहले ही स्पेल में कहर बरपाया। ओमान ने महज २७ रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिए, जिसके बाद रन गति कभी संभल नहीं सकी।
विनायक शुक्ला, सूफियान महमूद और नदीम खान ने कुछ संघर्ष दिखाते हुए टीम को १०० के पार पहुंचाया। शुक्ला ने २१ गेंदों में चार चौकों की मदद से सर्वाधिक २८ रन बनाए। सूफियान ने २५ और नदीम ने २० रन का योगदान दिया।
जिम्बाब्वे की ओर से गेंदबाजी में रिचर्ड एंगारावा, ब्लेसिंग मुजरबानी और ब्राड इवांस ने तीन-तीन विकेट झटके।
इस जीत के साथ जिम्बाब्वे ने टूर्नामेंट में अपने इरादे साफ कर दिए हैं।

About Author

Advertisement