ओमान के खिलाफ एकतरफा जीत के साथ विदा हुआ ऑस्ट्रेलिया

IMG-20260220-WA0108

पल्लेकेले: ऑस्ट्रेलिया ने जीत के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के टी-२० विश्व कप २०२६ से विदाई ली। शुक्रवार को ‘बी’ ग्रुप के मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने ओमान को ९ विकेट से हराया। इस मैच के साथ ही टूर्नामेंट के ग्रुप चरण के मुकाबले समाप्त हो गए और शनिवार से सुपर 8 चरण शुरू होगा। ऑस्ट्रेलिया ४ मैचों में ४ अंक लेकर ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहा। इस ग्रुप से जिम्बाब्वे और श्रीलंका ने सुपर ८ में जगह बनाई।
पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ओमान की टीम १६.२ ओवर में १०४ रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने ९.४ ओवर में १०८ रन बनाकर मैच जीत लिया।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान मिचेल मार्श ने नाबाद ६४ रन बनाए। उन्होंने ३३ गेंदों में ७ चौके और ४ छक्के लगाए। मार्श ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए अपने ओपनिंग जोड़ीदार ट्रैविस हेड के साथ पहले विकेट के लिए ४९ गेंदों में ९३ रन की साझेदारी की। हेड ने १९ गेंदों में ३२ रन बनाए, जिसमें ६ चौके शामिल थे। हेड के आउट होने के बाद मार्श ने जोश इंग्लिस के साथ मिलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। इंग्लिस १२ रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की मजबूत गेंदबाजी के सामने ओमान बड़ी चुनौती पेश नहीं कर सका। ओमान की ओर से वसीम अली ने सर्वाधिक ३२ रन बनाए। उन्होंने ३३ गेंदों में ४ चौके लगाए। इसके अलावा कप्तान जतिंदर सिंह ने १७ और हमीद मिर्जा ने १६ रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों में स्पिनर एडम जांपा ने सर्वाधिक ४ विकेट लिए।

About Author

Advertisement