मेलबर्न: दो बार के चैंपियन यानिक सिनर ने भीषण गर्मी से जूझते हुए शनिवार को यहाँ ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के चौथे दौर में प्रवेश किया और अपने खिताबी हैट्रिक के प्रयास को जारी रखा। मैच के दौरान सिनर को हाथ और पैर की मांसपेशियों में परेशानी हुई और तीसरे सेट में वह १–३ से पीछे चल रहे थे, लेकिन अत्यधिक गर्मी के नियमों ने उन्हें राहत दी। शनिवार दोपहर रॉड लेवर एरिना में खेल कुछ मिनटों के लिए रोका गया और छत बंद कर दी गई। इसके बाद सिनर नई ऊर्जा के साथ कोर्ट में उतरे और अगले छह में से पाँच गेम जीतकर विश्व रैंकिंग में 85वें स्थान पर काबिज अमेरिकी खिलाड़ी इलियट स्पिज़िरी को ४–६, ६–३, ६–४, ६–४ से हराया।
सिनर ने कहा, “मुझे शारीरिक रूप से काफी दिक्कत हो रही थी। गर्मी के नियमों से मुझे राहत मिली। समय के साथ मेरा शरीर बेहतर महसूस करने लगा।” अगले दौर में सिनर का मुकाबला अपने ही देश के लुसियानो डार्डेरी से होगा, जिन्होंने 15वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी कारेन खाचानोव को ७–६ (५), ३–६, ६–३, ६–४ से पराजित किया। इटली के तीन खिलाड़ी प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुँच चुके हैं। तीसरे खिलाड़ी पाँचवीं वरीयता प्राप्त लोरेन्ज़ो मुसेत्ती हैं, जिन्होंने जॉन केन एरिना में खेले गए मैच में टॉमस माखाच को ५–७, ६–४, ६–२, ५–७, ६–२ से हराया। इस मैच में भी पाँचवें सेट के दौरान स्टेडियम की छत बंद करने के लिए कुछ समय के लिए खेल रोका गया।
विश्व के आठवें नंबर के खिलाड़ी बेन शेल्टन भी आगे बढ़ने में सफल रहे। उन्होंने मार्गरेट कोर्ट एरिना में खेले गए मैच में मोनाको के वैलेंटिन वाचेरो को ६–४, ६–४, ७–६ (५) से हराया।
इस बीच महिला एकल में मौजूदा चैंपियन मैडिसन कीज़ और अमेरिका की ही जेसिका पेगुला ने भी सीधे सेटों में जीत दर्ज कर चौथे दौर में प्रवेश किया, जहाँ इन दोनों के बीच मुकाबला होगा। नौवीं वरीयता प्राप्त कीज़ ने रॉड लेवर एरिना में खेले गए पहले मैच में कैरोलिना प्लिस्कोवा को ६–३, ६–३ से हराया। वहीं छठी वरीयता प्राप्त पेगुला ने मार्गरेट कोर्ट में खेले गए पहले मैच में ओक्साना सेलेखमेतेवा को ६–३, ६–२ से पराजित किया। अमेरिका की ही एक अन्य खिलाड़ी और चौथी वरीयता प्राप्त अमांडा अनिसिमोवा ने अपनी हमवतन पेटन स्टर्न्स को ६–१, ६–४ से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
टूर्नामेंट के सातवें दिन मैच एक घंटे पहले शुरू किए गए, क्योंकि पूर्वानुमान में तापमान ४० डिग्री सेल्सियस (१०४ डिग्री फ़ारेनहाइट) तक पहुँचने की आशंका थी। हालांकि शुरुआती मैचों के दौरान तापमान उस स्तर तक नहीं पहुँचा और ३२ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस बीच भारत के एन. श्रीराम बालाजी और उनके ऑस्ट्रेलियाई साथी नील ओबरलीटनर शनिवार को सीधे सेटों में हारकर पुरुष युगल के दूसरे दौर से बाहर हो गए। बालाजी और ओबरलीटनर की जोड़ी को चौथी वरीयता प्राप्त अल सल्वाडोर के मार्सेलो अरेवालो और क्रोएशिया के माटे पाविच की जोड़ी ने ७–५, ६–१ से हराया।









