ऑस्ट्रेलियन ओपन में २५वें ग्रैंड स्लैम खिताब का लक्ष्य लेकर उतरे जोकोविच

IMG-20260117-WA0082

मेलबर्न: नोवाक जोकोविच ने भरोसा जताया है कि वह अपना २५वां एकल ग्रैंड स्लैम खिताब जीत सकते हैं और रविवार से शुरू हो रहे ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में कार्लोस अल्काराज और यानिक सिनर की कड़ी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।
पिछले साल जोकोविच चारों ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचे थे, लेकिन हर बार अल्काराज या सिनर से हार गए थे। वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम में उन्हें एक बार फिर इन दो युवा सितारों से कड़ा मुकाबला करना होगा।
ऑस्ट्रेलियन ओपन की पूर्व संध्या पर जोकोविच ने कहा, “२०२५ में मैंने सिनर या अल्काराज के खिलाफ खेले गए चार ग्रैंड स्लैम मैचों में से तीन में हार का सामना किया। मजाकिया अंदाज में उन्होंने आगे कहा, “हमें उनकी ज्यादा तारीफ करने की जरूरत नहीं है। हम पहले ही बहुत प्रशंसा कर चुके हैं। हम जानते हैं कि वे कितने अच्छे खिलाड़ी हैं। वे जिस स्थान पर हैं, उसके पूरी तरह हकदार हैं। फिलहाल वे पुरुष टेनिस के सबसे मजबूत खिलाड़ी हैं।
जोकोविच अपने २५ वें ग्रैंड स्लैम खिताब की तलाश में तीसरे सत्र की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन के लिए अपनी तैयारी की रणनीति में कुछ बदलाव किए हैं और अपने एकमात्र निर्धारित अभ्यास टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया, ताकि युवा खिलाड़ियों के खिलाफ पूरी तरह फिट रह सकें। ३८ वर्षीय सर्बियाई स्टार खुद को मैचों में प्रतिस्पर्धी बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
जोकोविच ने आखिरी बार २०२३ के यूएस ओपन में ग्रैंड स्लैम जीता था। वहीं, सिनर ऑस्ट्रेलियन ओपन के पिछले दो बार के चैंपियन हैं, जबकि अल्काराज मेलबर्न पार्क में खिताब जीतकर अपना करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
पिछले साल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जोकोविच ने अल्काराज को हराया था, लेकिन हैमस्ट्रिंग चोट के कारण उन्हें सेमीफाइनल मुकाबला बीच में ही छोड़ना पड़ा था।
जोकोविच ने कहा, “सिनर और अल्काराज इस समय बाकी सभी खिलाड़ियों से बिल्कुल अलग स्तर पर खेल रहे हैं—यह सच है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसी और के पास ट्रॉफी जीतने का मौका नहीं है। मुझे हमेशा जीत की उम्मीद रहती है।
१० बार के ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन जोकोविच सोमवार को रॉड लेवर एरिना में स्पेन के पेड्रो मार्टिनेज के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेंगे।

About Author

Advertisement