ऑस्ट्रेलियन ओपन के महिला एकल में राइबाकिना चैंपियन

IMG-20260131-WA0090

मेलबर्न: एलिना राइबाकिना ने विश्व नंबर एक खिलाड़ी आर्यना सबालेंका को पराजित कर साल के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में महिला एकल का खिताब जीत लिया। रूस में जन्मी लेकिन कज़ाख़स्तान का प्रतिनिधित्व करने वाली पाँचवीं वरीयता प्राप्त राइबाकिना ने महिला एकल फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त और दो बार की चैंपियन बेलारूस की सबालेंका को ६-४, ४-६,६-४ से हराया। यह मैच २ घंटे १८ मिनट तक चला।
फाइनल में हार की ओर बढ़ते हुए भी शानदार वापसी करते हुए २६ वर्षीय राइबाकिना ने पहली बार इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। यह उनके करियर का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। इससे पहले उन्होंने २०२२ में यूएस ओपन का खिताब जीता था।
लगातार चौथी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का फाइनल खेलने के बावजूद सबालेंका को लगातार दूसरे वर्ष फाइनल में सफलता नहीं मिल सकी। पिछले वर्ष उन्हें मैडिसन कीज़ के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। सबालेंका अपने करियर में कुल चार ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकी हैं। उन्होंने २०२३ और २०२४ में मेलबर्न में खिताब जीता था। ऑस्ट्रेलियन ओपन के अलावा उन्होंने २०२४ और २०२५ में यूएस ओपन का खिताब भी अपने नाम किया था।
मैच के आँकड़ों की बात करें तो राइबाकिना ने ६ ऐस लगाए, जबकि सबालेंका केवल ५ ऐस ही लगा सकीं। डबल फॉल्ट के मामले में राइबाकिना ने ३ और सबालेंका ने २ डबल फॉल्ट किए। राइबाकिना की तुलना में सबालेंका ने अधिक विनर्स लगाए, लेकिन कज़ाख़स्तान की खिलाड़ी की तुलना में उनके अनफोर्स्ड एरर भी अधिक रहे।

About Author

Advertisement