एलिसा हीली के विदाई शतक से ऑस्ट्रेलिया की भारत पर १८५ रन की रिकॉर्ड जीत

photocollage_202631183411315

होबार्ट: ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को खेले गए तीसरे और अंतिम वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को १८५ रन के बड़े अंतर से हरा दिया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की सीरीज़ ३-० से अपने नाम कर ली। अपने अंतिम वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच में खेल रही ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली ने शानदार शतक जड़कर अपनी विदाई को यादगार बना दिया।
बेलरिव ओवल में टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने ५० ओवर में ७ विकेट खोकर ४०९ रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय टीम ४५.१ ओवर में २२४ रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान एलिसा हीली ने १५८ रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने ९८ गेंदों पर २७ चौके और २ छक्के लगाए। उनके अलावा बेथ मूनी ने नाबाद १०६ रन बनाए। उन्होंने ८४ गेंदों में १० चौके और १ छक्का लगाया। जॉर्जिया वोल ने ६२ रन का योगदान दिया।
हीली ने जॉर्जिया के साथ दूसरे विकेट के लिए १०४ रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर १३६ रन तक पहुंचाया। जॉर्जिया के आउट होने के बाद हीली ने मूनी के साथ १४५ रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
भारतीय गेंदबाज़ों में श्री चरणी और स्नेह राणा ने २-२ विकेट लिए। श्री चरणी ने अपने १० ओवर में १०६ रन खर्च किए।
४०९ रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने तेज शुरुआत करने की कोशिश की, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने के कारण वह पूरे ५० ओवर भी नहीं खेल सकी। नौवें नंबर पर बल्लेबाज़ी करने उतरी स्नेह राणा ने सर्वाधिक ४४ रन बनाए। उन्होंने ७४ गेंदों पर ६ चौके लगाए।
इसके अलावा जेमिमा रोड्रिग्स ने २९ गेंदों में ४२ रन (९ चौके) बनाए। दीप्ति शर्मा ने २९, प्रतिका रावल ने २७ और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने २५ रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से अलाना किंग ने सर्वाधिक ४ विकेट हासिल किए।

About Author

Advertisement