लंदन: आर्सेनल ने मध्यांतर से पहले ही गोलों की झड़ी लगाते हुए एफए कप के पांचवें दौर में प्रवेश कर लिया। रविवार रात खेले गए मुकाबले में आर्सेनल ने विगन एथलेटिक को ४-० से करारी शिकस्त दी।
मैच में ७९ प्रतिशत गेंद पर कब्जा रखने वाली आर्सेनल ने सभी गोल पहले २७ मिनट के भीतर ही दाग दिए। नोनी मादुएके ने ११वें मिनट में खाता खोला। इसके बाद गेब्रियल मार्टिनेली ने १९वें मिनट में बढ़त दोगुनी की। २३वें मिनट में जैक हंट के आत्मघाती गोल से आर्सेनल को तीसरी सफलता मिली। गेब्रियल जीसस ने २७वें मिनट में चौथा गोल कर मुकाबला पूरी तरह एकतरफा बना दिया।
पूरे मैच के दौरान विगन एथलेटिक आर्सेनल को किसी प्रकार की चुनौती नहीं दे सका।
अन्य मुकाबलों में लीड्स यूनाइटेड ने बर्मिंघम सिटी के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में ४-२ से रोमांचक जीत दर्ज की। निर्धारित समय तक स्कोर १-१ से बराबर रहा था।
चौथे दौर के अन्य मैचों में संडरलैंड ने ऑक्सफोर्ड यूनाइटेड को १-० से हराया। फुलहम ने स्टोक सिटी को २-१ से पराजित किया, जबकि वॉल्व्स ने ग्रिम्सबी टाउन पर १-० से जीत दर्ज की।









